देशराजनीति

हरियाणा विस चुनाव: भाजपा का संकल्प पत्र, कांग्रेस के 7 वादों के मुकाबले भाजपा ने जनता से किये 20 वादे

रोहतक। हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 के लिए कांग्रेस के बाद अब भाजपा ने अपना संकल्प पत्र जारी किया है। रोहतक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने संकल्प पत्र जारी किया है। रोहतक में आयोजित समारोह में कार्यवाहक सीएम नायब सिंह सैनी सहित अन्य नेता मौजूद रहे।

संकल्प पत्र के अनुसार, प्रदेश की सभी महिलाओं को भाजपा लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत 2100 रुपये महीना देगी। इसके अलावा, 2 लाख लोगों को रोजगार और हरियाणां के अग्निवीरों को सरकारी नौकरी में 10 फीसदी आरक्षण देगी। कांग्रेस के मुकाबले भाजपा ने कुल 20 वादे प्रदेश की जनता से किए हैं, जबकि कांग्रेस ने 7 वादे किए थे।

1 – सभी महिलाओं को लाडो लक्ष्मी योजना के तहत प्रतिमाह 2,100 रुपए 
2 – IMT खरखौदा की तर्ज पर 10 औद्योगिक शहरों का निर्माण. प्रति शहर 50,000 स्थानीय युवाओं को नौकरी देने के लिए उद्यमियों को विशेष प्रोत्साहन
3 – चिरायु-आयुष्मान योजना के तहत प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज और परिवार के 70 वर्ष से अधिक प्रत्येक बुजुर्ग को अलग से 5 लाख रुपए तक के मुफ्त इलाज की सुविधा
4- 24 फसलों की घोषित न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद.
5 – 2 लाख युवाओं को ‘बिना पर्ची बिना खर्ची’ पक्की सरकारी नौकरी
6- 5 लाख युवाओं के लिए अन्य रोजगार के अवसर एवं नेशनल अप्रेंटिसशिप प्रमोशन योजना से मासिक स्टाइपेंड.
7 – शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में 5 लाख आवास
8 – सरकारी अस्पतालों में डायलिसिस तथा सभी अस्पतालों में डायग्नोसिस मुफ्त
9 – हर जिले में ओलंपिक खेलों की नर्सरी
10 – हर घर गृहणी योजना तहत 500 रुपए में सिलेंडर।
11 – अव्वल बालिका योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्र में कॉलेज जाने वाली प्रत्येक छात्रा को स्कूटर
12 – हर हरियाणवी अग्निवीर को सरकारी नौकरी की गारंटी.
13 – भारत सरकार के सहयोग से केएमपी के ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर का निर्माण एवं नई वंदे भारत ट्रेनों की शुरुआत.
14 – भारत सरकार के सहयोग से विभिन्न रैपिड रेल सेवाओं एवं फरीदाबाद से गुरुग्राम के बीच इंटरसिटी एक्सप्रेस मेट्रो सेवा की शुरुआत.
15 – छोटी पिछड़े समाज की जातियों (36 बिरादरियों) के लिए पर्याप्त बजट के साथ अलग-अलग कल्याण बोर्ड.
16 – DA और पेंशनों को जोड़ने वाले साइंटिफिक फॉर्मूले के आधार पर सभी सामाजिक मासिक पेंशनों में वृद्धि.
17 – भारत के किसी भी सरकारी कॉलेज से मेडिकल और इंजीनियरिंग पढ़ने वाले ओबीसी एवं एससी जातियों के हरियाणा के विद्यार्थियों को पूर्ण छात्रवृत्ति.
18 – सभी ओबीसी वर्ग के उद्यमियों की, मुद्रा योजना के अतिरिक्त, 25 लाख रुपये तक के ऋण की गारंटी हरियाणा राज्य सरकार उठाएगी.
19 – हरियाणा को वैश्विक शिक्षा का केंद्र बनाकर आधुनिक स्किल का प्रशिक्षण प्रदान करेंगे.
20 – दक्षिण हरियाणा में एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का अरावली जंगल सफारी पार्क

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने इस दौरान अपने संबोधन में कहा कि 10 साल पहले हरियाणा की छवि पर्ची और खर्ची पर नौकरी वाली थी। जमीन हड़पना, लैंड यूज को बदलना, किसानों की जमीन हड़पना, यही सब 10 साल पहले हरियाणा में होता था। जेपी नड्डा ने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार थी तो तब 1158 रुपये फसल अनुदान दिए गए। लेकिन भाजपा सरकार में 12 हजार करोड़ से ज्यादा का अनुदान किसानों को दिए हैं। किसानों को फसलों के नुकसान पर 6000 रुपये प्रति एकड़ मुआवजा पहले दिया जाता था, लेकिन अब 15 हजार रुपये प्रति एकड़ का मुआवजा मिलता है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button