कांवड़ मेले की भीड़ में अपराधियों पर जीआरपी का शिकंजा

चलती ट्रेन में डंडा मारकर मोबाइल लूटने वाले दो गिरफ्तार
साधु के भेष में टैबलेट उड़ाने वाला भी दबोचा
हरिद्वार (चंद्रशेखर जोशी)। कांवड़ मेले में उमड़ी आस्था की भारी भीड़ के बीच श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर जीआरपी हरिद्वार ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। कप्तान जीआरपी अरुणा भारती के नेतृत्व में पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।

पुलिस ने लूटा गया मोबाइल, चोरी का टैबलेट, स्मार्ट पेन, राशन कार्ड और वारदात में इस्तेमाल डंडा बरामद किया है। जीआरपी के अनुसार खड़खड़ी निवासी रवि श्रीवास्तव उर्फ काका व शिवलाल चलती ट्रेन में दरवाजे अथवा खिड़की के पास बैठकर मोबाइल चलाने वाले यात्रियों को निशाना बनाते थे। मोतीचूर के पास झाड़ियों में छिपकर बैठे दोनों आरोपियों ने ऋषिकेश निवासी यात्री बृजेश कुमार के हाथ पर डंडा मारकर मोबाइल गिराया और उसे उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने सर्विलांस और मुखबिर की सूचना पर दोनों को दबोच लिया। उनके कब्जे से करीब 30 हजार रुपये कीमत का मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त डंडा बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक शिवलाल पूर्व में भी लूट और अवैध चाकू के मामले में जेल जा चुका है।दूसरे मामले में कांवड़ मेले की भीड़ का फायदा उठाकर साधु के भेष में चोरी करने वाले जगमोहन निवासी लुधियाना को जीआरपी ने गिरफ्तार किया। कनखल निवासी अविनाश चौहान ने रेलवे स्टेशन के पास अपनी मोटरसाइकिल पर बैग रखा था। इसी दौरान भगवा वस्त्र पहने आरोपी बैग उठाकर भागने लगा। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। बैग से करीब 32 हजार रुपये कीमत का रेडमी टैबलेट, चार हजार रुपये का स्मार्ट पेन और राशन कार्ड बरामद हुआ।
जीआरपी ने दोनों मामलों में कार्रवाई पूरी कर तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। कप्तान जीआरपी अरुणा भारती ने पुलिस टीमों की सराहना करते हुए कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और अपराधियों पर सतर्क निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।


