कोटद्वार में मकान ढहने से मलबे में दबे चार लोग, बच्चे का शव बरामद

कोटद्वार l कोटद्वार द्वारीखाल ब्लॉक के मेहरगांव (भलगांव) में भारी बारिश से एक मकान ढह गया। हादसे में चार लोग मलबे में दब गए। महरगांव में भूस्खलन की सूचना पर प्रशासन, एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें तत्काल मौके के लिए रवाना हुईं।
पौड़ी जनपद में लगातार हो रही बारिश के बीच जिलाधिकारी मंगलवार को तत्काल आपदा कंट्रोल रूम पहुंचे और विभिन्न क्षेत्रों में बारिश व भूस्खलन की स्थिति तथा राहत-बचाव कार्यों का जायजा लिया। चार लोग मलबे में दबे थे, जिनमें से एक महिला को ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं, बच्चे का शव बरामद किया है। मौके पर एंबुलेंस और मेडिकल टीम भी भेजी गई है और राहत-बचाव कार्य जारी है।
वहीं, बैरगांव में भूस्खलन की घटना में घायल महिला को प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सतपुली हंस चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। डीएम ने भूस्खलन से बाधित सड़कों को तत्काल खोलने के निर्देश दिए।




