पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी पहुंचीं अमेठी, मां कालिकन धाम में किया दर्शन-पूजन

अमेठी। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी सोमवार को एक दिवसीय दौरे पर अमेठी पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने अहोरवा भवानी मंदिर, कालिकन धाम और दुर्गन भवानी धाम में विधिविधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि हर वर्ष की भांति इस बार भी मां के चरणों में आशीर्वाद लिया है। अमेठी के प्रत्येक परिवार की खुशहाली, राष्ट्र की उन्नति और हर नागरिक की सुरक्षा व स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना की है। उन्होंने कहा कि यहां कि उपलब्धियां बढ़ें और देश की अर्थव्यवस्था सशक्त बने, यही मेरी मां से कामना है।

इस दौरान उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं का हालचाल पूछा और उनका उत्साह बढ़ाया। इसके बाद उनका काफिला मां अहोरवा भवानी धाम पहुंचा। यहां प्रदेश सरकार के स्वास्थ्य राज्यमंत्री राजा मयंकेश्वर शरण सिंह भी उनके साथ मौजूद रहे।
मंदिर में उन्होंने पुष्प, फल, मिष्ठान और अक्षत अर्पित कर मां की आरती उतारी और अमेठी के शुभ व मंगलमय की प्रार्थना की। अहोरवा भवानी मंदिर से निकलने के बाद स्मृति ईरानी मुसाफिरखाना होते हुए कालिकन धाम पहुंचीं और वहां दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद दुर्गन भवानी धाम में भी पूजा की।




