उत्तराखण्ड

उत्तराखंड में पहली बार जून हुआ इतना ठंडा

देहरादून । उत्तराखंड में इस साल प्री-मानसून की बारिश ने मई के साथ अब जून की गर्मी से भी राहत दिलाई है। साथ ही बीते 10 सालों में यह पहली बार है कि जून के पहले सप्ताह में मौसम इतना ठंडा हुआ है। पर्वतीय इलाकों में जहां एक बार गर्म कपड़े बाहर निकल गए तो मैदानी इलाकों में एसी बंद हो गए। अकेले दून की बात करें तो जून में दूसरी बार अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री नीचे दर्ज किया गया। इससे पहले भी बीते मंगलवार को दून का अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री गिरावट के साथ 27.6 डिग्री रहा था। जबकि, रात का न्यूनतम तापमान 10 सालों का सबसे कम 17.3 डिग्री रहा।

इस हफ्ते हुई बारिश से दून का अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री गिरावट के साथ 27.7 डिग्री रहा। ऐसा ही हाल प्रदेश के अन्य इलाकों में रहा। इससे पहले बीती 25 मई को भी दून के अधिकतम तापमान में सामान्य से आठ डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई थी।मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में हुई बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में पड़ा है।

इसके चलते मैदानी इलाकों में रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से नीचे रहा। जबकि, प्री-मानसून की बारिश में भी इस बार इजाफा हुआ है। इसके अलावा मौसम के बदले पैटर्न और जलवायु परिवर्तन की वजह से इस तरह के बदलाव देखे जा रहे हैं। आज के मौसम की बात करें तो दून के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। साथ ही तेज हवाएं और गर्जन के भी आसार हैं। जबकि, दिन का अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री रहने के आसार हैं।

दून का 10 साल में इतना रहा न्यूनतम तापमान

साल न्यूनतम तापमान तिथि
2015   19.4   26, 29 जून
2016   20.1   6 जून
2017   19.5.  1, 10 जून
2018   18.4   2 जून
2019   19.0   18 जून
2020   19.1   1 जून
2021   19.0   12 जून
2022   19.0   19 जून
2023   18.2.  1 जून
2024   21.2   2 जून

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button