‘मन की बात’ के बाद भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं संग किया संवाद

जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर
देहरादून। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद शिवेश कुमार राम और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने रविवार को पटेल नगर स्थित वाल्मीकि धर्मशाला में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सुना। कार्यक्रम के बाद दोनों नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संवाद किया और संगठन की मजबूती, जनसंपर्क अभियान तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
विधानसभा देहरादून कैंट के बूथ संख्या 69 पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवेश कुमार राम ने कहा कि ‘मन की बात’ देश की जनता से सीधे जुड़ने, जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने और राष्ट्र निर्माण के प्रति लोगों को प्रेरित करने का सशक्त माध्यम है। इसके जरिए प्रधानमंत्री देश के प्रेरणादायी व्यक्तित्वों, सामाजिक कार्यों, नवाचारों और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े विषयों को सामने लाते हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि केंद्र सरकार गरीबों, वंचितों, शोषितों और अनुसूचित जाति समाज के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने अनुसूचित जाति समाज के विद्यार्थियों की शिक्षा, कौशल विकास, स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए संचालित योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया।
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यमंत्री बलवीर घुनियाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की ओर से किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सुशासन, सामाजिक न्याय और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में कार्य कर रही है। इस दौरान वक्ताओं ने महर्षि वाल्मीकि के जीवन और आदर्शों का स्मरण करते हुए उनके संदेशों को सामाजिक सद्भाव, समानता और मानव कल्याण के लिए प्रासंगिक बताया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग, भारत सरकार के अध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना, राज्यमंत्री सुरेंद्र मोगा, रविंद्र कटारिया, देशराज कर्णपाल, सिद्धार्थ अग्रवाल, स्वराज विद्वान, प्रकाश तंवर, ओमप्रकाश भुजवाण, दर्पण कुमार, रणजीत सिंह जाखी, सुमेरचंद रवि, विशाल बिरला, विनोद वाल्मीकि और नरेंद्र सिंह सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



