फतेहपुर रिंद नदी हादसा: नहाते समय गहरे पानी में डूबे आठ युवक, मछुआरों ने चार को बचाया, चार की दर्दनाक मौत

फतेहपुर : फतेहपुर जिले में रविवार को रिंद नदी में नहाते समय एक दर्दनाक हादसा हो गया। गहराई में जाने से आठ युवक डूब गए, जिनमें से मछुआरों की मदद से चार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि चार युवकों की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, ललौली थाना क्षेत्र के तपनी गांव से कुल नौ युवक कुंनुहा डेरा के पास स्थित रिंद नदी में नहाने पहुंचे थे। नहाने के दौरान अचानक सभी गहरे पानी में चले गए और यह हादसा हो गया।
डूबने से मृतकों की पहचान तपनी निवासी हसीबुद्दीन, शाहिद, अंश और शान के रूप में हुई है। वहीं, चार अन्य युवकों को किसी तरह बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही ललौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



