दोहरे हत्याकांड से सनसनी भाई ने बहन व युवक को मारी गोली

हरिद्वार (चंद्रशेखर जोशी)। झबरेड़ा कोतवाली क्षेत्र के झबरेड़ी कलां गांव में शनिवार सुबह हुए कथित दोहरे गोलीकांड से सनसनी फैल गई। एक युवक ने कथित तौर पर अपनी सगी बहन और एक अन्य युवक को गोली मार दी। गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आननफानन में परिजन और ग्रामीण दोनों को उपचार के लिए झबरेड़ा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। युवती की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर किया, लेकिन अस्पताल ले जाते समय उसकी भी मौत हो गई। एक ही वारदात में दो लोगों की मौत से गांव में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब पौने नौ बजे झबरेड़ी कलां गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अमन ने कथित तौर पर अपनी बहन रूपा और सूरज पुत्र अशोक को गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े। दोनों घायलों को तत्काल झबरेड़ा अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने सूरज को बचाने का प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं रूपा की हालत नाजुक होने पर उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। परिजन उसे लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही झबरेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल रुड़की भेज दिया है। पुलिस टीम आरोपी अमन के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ ही वारदात के पीछे की वजह और घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद से जुड़ा होने की चर्चा है, हालांकि पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है। दो लोगों की मौत के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




