आपदा प्रबंधन केवल सरकारी दायित्व नहींः कर्नल पाण्डेय
अनिल वर्मा को यूके एनसीसी की-11गर्ल्स बटालियन ने किया सम्मानित

देहरादून। आपदा प्रबंधन केवल सरकारी दायित्व नहीं है, आम जनता का सक्रिय सहयोग भी बेहद जरूरी है। यह बात एनसीसी की 11-यूके गर्ल्स बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल पाण्डेय ने एसबीएस यूनिवर्सिटी बालावाला में जारी छात्रा कैडेटों के संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के दौरान कही। कर्नल पाण्डेय ने यूथ रेडक्रास सोसायटी, देहरादून की और से आयोजित विशेष आपदा प्रबंधन, फर्स्ट एड प्रशिक्षण व रक्तदान एवं नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम के बाद 600 छात्रा कैडेटों व अधिकारियों को सम्बोधित किया।
उन्होंने मास्टर ट्रेनर यूथ रेडक्रास कमेटी के चेयरमैन अनिल वर्मा की और से छात्रा कैडेटों को प्रदान किए गए प्रशिक्षण को उच्च स्तरीय बताते हुए आशा व्यक्त की कि प्रशिक्षित छात्राएं विभिन्न आपदाओं के दौरान जन-धन की हानि को सीमित करने में सरकार का सहयोग करने में निश्चित रूप से सक्षम साबित होंगी।
11-यूके गर्ल्स बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल ओपी पाण्डेय ने अनिल वर्मा को 155 बार रक्तदान करने व कैडेटों को प्रदत्त प्रशिक्षण की सराहना करते हुए उन्हें 11-यूके गर्ल्स बटालियन की तरफ से ट्रॉफी प्रदान करके विशेष रूप से सम्मानित किया।
इससे पूर्व मुख्य प्रशिक्षक यूथ रेडक्रास कमेटी के चेयरमैन अनिल वर्मा ने उत्तराखंड को प्राकृतिक आपदाओं के प्रति अत्यधिक संवेदनशील बताते हुए कहा कि उत्तराखंड में 8 रिक्टर या इससे अधिक स्केल का भूकंप किसी भी क्षण आ सकता है। इससे निबटने के लिए यहां के प्रत्येक नागरिक के लिए आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण जरूरी है। वर्मा ने रक्तदान के बाद शरीर में कमजोरी आने सहित सभी अंधविश्वासों को दरकिनार करके उल्टे रक्तदाता को स्वयं होने वाले अनेक लाभ गिनाए। शिविर का संचालन बटालियन की प्रशासनिक अधिकारी मेजर शशि मेहता ने व धन्यवाद बटालियन के सूबेदार मेजर राकेश ने किया। इस दौरान पूर्व एनसीसी अधिकारी व यूथ रेडक्रास सदस्य मेजर प्रेमलता वर्मा, 11-यूके गर्ल्स बटालियन की प्रशासनिक अधिकारी मेजर शशि मेहता, सूबेदार मेजर राकेश ,सूमे लक्ष्मण, तीनों सीनियर जीसीआई मंजू पंवार कैंतुरा, सिव्या गुप्ता रस्तौगी, लेफ्टिनेंट विजयवर्गीय लक्ष्मी आदि मौजूद रहे।

