उत्तरप्रदेश

लखनऊ पहुंचे दिनेश लाल यादव अपने परिवार के सदस्यों के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सरकारी आवास पर की भेंट

लखनऊ, लोकसभा उप चुनाव में समाजवादी पार्टी के गढ़ आजमगढ़ में सेंध लगाने वाले भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी भोजपुरी गायक तथा अभिनेता दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ मंगलवार को लखनऊ पहुंचे। आजमगढ़ से लोकसभा सदस्य निर्वाचित दिनेश लाल यादव निरहुआ ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की।

लखनऊ पहुंचे दिनेश लाल यादव ने मंगलवार को अपने परिवार के सदस्यों के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास पर भेंट की। इसके साथ ही उन्होंने लखनऊ में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह तथा भाजपा प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल से भी भेंट की। आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव में दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ ने समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी पूर्व सांसद धर्मेन्द्र यादव को हराया था। बसपा प्रत्याशी शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली यहां पर तीसरे स्थान पर थे। आजमगढ़ लोकसभा सीट समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के इस्तीफा देने के कारण खाली हुई थी। जहां पर 23 जून को मतदान हुआ और 26 जून को इसका परिणाम घोषित किया गया। आजमगढ़ में अखिलेश यादव ने 2019 तथा मुलायम सिंह यादव ने 2014 में जीत दर्ज की थी। इससे पहले 2009 में आजमगढ़ से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी के रूप में रमाकांत यादव ने जीत दर्ज की थी।

आजमगढ़ लोकसभा उप चुनाव में करीब 18 लाख, 38 हजार वोट में से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ को तीन लाख, 12,768 (34.34 प्रतिशत) वोट मिले। समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी बदायूं से पूर्व सांसद धर्मेन्द्र यादव को तीन लाख, चार हजार, 089 वोट (33.44 प्रतिशत) तथा बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी पूर्व विधायक शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली को दो लाख, 66,210 (29.27 प्रतिशत) वोट मिले। यहां पर 23 जून को कुल 46.84 प्रतिशत मतदान हुआ था। आजमगढ़ में एक महिला सहित कुल 13 प्रत्याशी मैदान में थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button