मेला भत्ता दिलाने की मांग, स्थायी शासनादेश की उठाई आवाज

मेला भत्ता दिलाने की मांग, स्थायी शासनादेश की उठाई आवाज
हरिद्वार (चंद्रशेखर जोशी)। चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी संघ चिकित्सा स्वास्थ्य सेवाएं उत्तराखंड ने कुंभ मेला 2027 में मेला क्षेत्र में ड्यूटी करने वाले सभी अधिकारी-कर्मचारियों को मेला भत्ता देने की मांग की है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश लखेड़ा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को मेला अधिकारी स्वास्थ्य कुंभ मेला 2027 से मुलाकात कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
संगठन ने पूर्व से चले आ रहे मेला भत्ते को सभी संबंधित कर्मचारियों को देने तथा 4200 ग्रेड पे की बाध्यता समाप्त करने की मांग की। प्रदेश अध्यक्ष दिनेश लखेड़ा और प्रदेश महामंत्री सुनील अधिकारी ने कहा कि प्रत्येक अर्धकुंभ और महाकुंभ के दौरान कर्मचारियों को मेला भत्ते के लिए अलग से शासनादेश जारी कराने को संघर्ष करना पड़ता है। उन्होंने मेला भत्ते का स्थायी शासनादेश जारी करने की मांग की, ताकि कर्मचारियों को हर बार नई प्रक्रिया से न गुजरना पड़े और भत्ता समय से मिल सके।
उन्होंने कहा कि महंगाई बढ़ने के प्रतिकार स्वरूप कर्मचारियों को मेला भत्ता दिया जाता है। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि सरकार और शासन कर्मचारियों की मांग पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई करेंगे। इस दौरान प्रदेश संगठन सचिव छत्रपाल सिंह, उपशाखा मंत्री अजय कुमार, उपाध्यक्ष नितिन कुमार, राकेश कुमार, कल्लू, चंद्रप्रकाश, अंकित, प्रमोद आदि मौजूद रहे।



