अमेठी के गौरीगंज से चार बार के विधायक रहे दादा तेजभान सिंह का निधन

अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद की सदर सीट गौरीगंज विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक, भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व संघ प्रचारक दादा तेजभान सिंह का लखनऊ स्थित मैक्स हॉस्पिटल में शनिवार को निधन हो गया। वह लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही अमेठी सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। राजनीतिक, सामाजिक और विभिन्न संगठनों के लोगों ने उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताया है।

उल्लेखनीय है कि दादा तेजभान सिंह युवावस्था में ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े और बाद में जनसंघ तथा भारतीय जनता पार्टी की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई। वर्ष 1977 में जनता पार्टी के प्रत्याशी के रूप में गौरीगंज विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर पहली बार विधायक बने। इसके बाद वर्ष 1991, 1993 और 1996 में भाजपा के टिकट पर लगातार गौरीगंज विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। वह चार बार विधायक रहे। अपने सरल, मिलनसार और सहज व्यक्तित्व के कारण वह क्षेत्र की जनता के बीच “दादा” के नाम से प्रसिद्ध थे। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं राजनाथ सिंह, कलराज मिश्र और दिवंगत कल्याण सिंह से उनके घनिष्ठ संबंध रहे।


