उत्तराखण्ड

होप अस्पताल में सिटी-पैट स्कैन सेवा शुरू, चिकित्सा स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडेय ने किया शुभारंभ

हरिद्वार (चंद्रशेखर जोशी)। जगजीतपुर स्थित होप सुपर स्पेशियलिटी एवं कैंसर हॉस्पिटल में अत्याधुनिक सिटी-पैट स्कैन मशीन का शुभारंभ चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के सचिव विनय शंकर पांडेय ने किया। इस सुविधा के शुरू होने से हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों के कैंसर मरीजों को जांच के लिए देहरादून, दिल्ली अथवा अन्य महानगरों का रुख करने की जरूरत कम होगी।

इस अवसर पर सचिव विनय शंकर पांडेय ने कहा कि कैंसर का नाम सुनते ही मरीज के साथ पूरा परिवार मानसिक और आर्थिक संकट से घिर जाता है। लंबे और महंगे उपचार के बीच अलग-अलग जांचों के लिए महानगरों की भागदौड़ मरीज और परिजनों की परेशानी बढ़ा देती है। ऐसे में अत्याधुनिक जांच सुविधा का अपने ही शहर में उपलब्ध होना किसी वरदान से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि डॉ. एसके मिश्रा ने हरिद्वार में कैंसर उपचार की सुविधाओं का विस्तार कर सराहनीय पहल की है। इससे मरीजों के समय, श्रम और संसाधनों की बचत होगी। उन्होंने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जंग केवल दवाइयों और अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों से ही नहीं, बल्कि हौसले, संवेदना और सहयोग से भी लड़ी जाती है। समाज के गरीब और जरूरतमंद मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने राज्य सरकार की ओर से अस्पताल को आवश्यक सहयोग और सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात भी कही। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि जिस प्रकार विद्या का दान महान माना गया है, उसी प्रकार चिकित्सा का दान भी मानवता की बड़ी सेवा है। जरूरतमंद व्यक्ति को समय पर उपचार मिलना केवल उसकी जिंदगी बचाना नहीं, बल्कि पूरे परिवार में उम्मीद और विश्वास कायम करना है। उन्होंने कहा कि चिकित्सक भगवान का दूसरा स्वरूप माने जाते हैं। होप हॉस्पिटल जिस विजन के साथ चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार कर रहा है, उसका लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचना चाहिए। अस्पताल के डॉ. एसके मिश्रा ने कहा कि सिटी-पैट स्कैन की सुविधा शुरू होने से कैंसर मरीजों को जांच के लिए बाहर नहीं भटकना पड़ेगा। हरिद्वार को बेहतर कैंसर उपचार सुविधाओं का केंद्र बनाने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण साबित होगी। आने वाले समय में अधिक से अधिक मरीजों को अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।कार्यक्रम में अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, महामंडलेश्वर डॉ. संतोषानंद देव, महामंडलेश्वर स्वामी सत्यश्रेयानंद महाराज, जगदीशलाल पाहवा, प्रमोद शर्मा, सीए आशुतोष पांडेय, डॉ. संजय शाह, डॉ. मनीष दत्त, उमेश शर्मा, डॉ. आरके सिद्धू, सुखप्रीत, हेमा भट्ट, विकास कुमार झा, महेश दुबे, उज्ज्वल पंडित सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button