मृतक को जिंदा दिखाकर जमीन हड़पने की साजिश

मृतक की पहचान का किया गया दुरुपयोग
कनखल पुलिस ने नामजद आरोपी को दबोचा
हरिद्वार (चंद्रशेखर जोशी)। मृतक व्यक्ति को जीवित दिखाकर उसकी पहचान का कथित रूप से गलत इस्तेमाल करने और कूटरचित दस्तावेजों के सहारे जमीन हड़पने की साजिश का कनखल पुलिस ने पर्दाफाश किया । पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर मृतक विनोद कुमार का प्रतिरूपण कर भूमि से जुड़े दस्तावेज तैयार किए और उन्हें असली के रूप में इस्तेमाल कर जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया। मामले में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं। जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है। 14 अगस्त 2026 को शशांक त्यागी पुत्र वीरेंद्र निवासी अवंतिका चिरंजीव विहार थाना कविनगर गाजियाबाद उत्तर प्रदेश ने कोतवाली कनखल में तहरीर देकर शिकायत की थी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि शैलेश गुप्ता पुत्र राजकुमार गुप्ता निवासी आशुतोष विहार जगजीतपुर, कनखल ने अपने साथियों के साथ मिलकर आपराधिक षड्यंत्र रचा। शिकायत के अनुसार साजिश के तहत मृतक विनोद कुमार का प्रतिरूपण किया गया और उसे जीवित दर्शाते हुए जमीन से संबंधित कूटरचित दस्तावेज तैयार किए गए। आरोप है कि इन दस्तावेजों को वास्तविक बताकर इस्तेमाल किया गया। भूमि को हड़पने का प्रयास किया गया। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली कनखल में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने दस्तावेजों और मामले से जुड़े तथ्यों की जांच की। जांच में धोखाधड़ी की पुष्टि हुई। इसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ने सुरागरसी-पतारसी तेज कर दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के आदेश पर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक कनखल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने संभावित ठिकानों पर जानकारी जुटाते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस के अथक प्रयासों के बाद 17 अगस्त 2026 को मुकदमे में नामजद आरोपी शैलेश गुप्ता को हिरासत में ले लिया गया। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई अमल में लाई गई। कथित जमीन फर्जीवाड़े में शामिल अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर लगातार तलाश और दबिश की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान सामने आने वाले अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी शैलेश गुप्ता पुत्र राजकुमार गुप्ता निवासी आशुतोष विहार जगजीतपुर कनखल से पूछताछ के बाद षड्यंत्र में शामिल बाकी लोगों की तलाश की जा रही है। धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुज सिंह, उपनिरीक्षक नरेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल जसबीर चौहान एवं कांस्टेबल प्रलव चौहान शामिल है।


