उत्तराखण्ड

सीएम धामी ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक में किया प्रतिभाग

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में प्रतिभाग किया| इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और वह आज जो भी हैं, कार्यकर्ताओं के बूते ही कार्य कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं के दम पर ही पार्टी ने पहली बार हरिद्वार में निकायों में परचम लहराया। अब लोकसभा की पांचों सीटों पर भाजपा जीत दोहराएगी।

हाथीबड़कला स्थित सर्वे ऑडिटोरियम में आयोजित बैठक के दौरान सीएम ने कहा कि पीएम मोदी की सरकार ने नौ साल का कालखंड पूरा किया है। इसमें अभूतपूर्व निर्णय लिए गए हैं। इन फैसलों से आम जनता, गरीब, पिछड़े व समाज के अंतिम छोर में रहने वाले व्यक्ति को लाभ मिला। उन सभी के हितों में कार्यक्रम बनाए गए। इन सभी को लेकर हम लोकसभा और विधानसभा स्तर पर लोगों के बीच जाएंगे। कई कार्यक्रम बैठक में तय हुए हैं। प्रदेश की जनता ने लगातार दो चुनावों में भाजपा को लोस की पांचों सीटें जिताई हैं। इस बार भी सबके आशीर्वाद के लिए लोगों के बीच जाएंगे। लोगों का उत्साह बता रहा है कि भाजपा पांचों सीटें जीतेगी।

इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार के नौ वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 30 मई से 30 जून तक चलने वाले महा जनसंपर्क अभियान के तहत सभी कार्यक्रम सांसद केंद्रित होंगे। ऐसा लोकसभा चुनाव के मद्देनजर किया गया है। पार्टी ने लोकसभा चुनाव, बागेश्वर विस उपचुनाव, स्थानीय निकायों के चुनाव में 51 प्रतिशत वोट हासिल करने का लक्ष्य रखा है।

बैठक में प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, महा जनसंपर्क अभियान के राष्ट्रीय संयोजक तरुण चुघ, सह प्रभारी रेखा वर्मा व सांसद, विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी व सहप्रभारी, मोर्चों के राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री, प्रदेश प्रवक्ता, मीडिया व सह मीडिया प्रभारी समेत कई अन्य पदाधिकारी शामिल हुए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button