मुख्यमंत्री ने वर्चुअल रूप से किया श्रीनगर बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की उपस्थिति में मेले का हुआ भव्य शुभारंभ

पौड़ी। श्रीनगर स्थित आवास विकास मैदान में आयोजित बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, नगर निगम श्रीनगर की मेयर आरती भंडारी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी को बैकुंठ चतुर्दशी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्रीनगर का यह मेला उत्तराखंड की प्राचीन परंपरा, आस्था और लोकसंस्कृति का जीवंत उदाहरण है। यह न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त करने, पारंपरिक कला, संस्कृति और हस्तशिल्प को प्रोत्साहित करने का भी माध्यम बन चुका है।

उन्होंने कहा कि श्रीनगर क्षेत्र में भी व्यापक स्तर पर विकास कार्य किए जा रहे हैं। इसमें रोडवेज बस स्टेशन में पार्किंग का निर्माण, अलकनंदा नदी के तट पर गंगा संस्कृति केंद्र की स्थापना, तथा श्रीनगर पालिका को नगर निगम का दर्जा देकर नगर के पार्कों, पार्किंग स्थलों और सड़कों का सुधार कार्य शामिल है। उन्होंने कहा कि बिलकेदार एवं बेलकंडी क्षेत्र में नयी टाउनशिप विकसित करने का कार्य भी प्रगति पर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास प्रदर्शनी के माध्यम से शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंच रही है, जिससे जनसहभागिता और पारदर्शिता दोनों को बल मिलेगा। उन्होंने श्रीनगर में हो रहे नगर विकास कार्यों की भी सराहना की और कहा कि स्वच्छता, जल संरक्षण एवं पर्यटन की दिशा में नगर निगम के प्रयास अनुकरणीय हैं।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए भगवान कमलेश्वर महादेव को नमन किया। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक मेला समर्पण, आस्था एवं सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह मेला केवल सांस्कृतिक आयोजन न रहकर सामाजिक एवं आर्थिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। विभिन्न जनपदों से व्यापारी, शिल्पकार एवं स्वयं सहायता समूह इसमें भाग ले रहे हैं।
जिलाधिकारी ने नगर निगम, विभिन्न सरकारी विभागों और स्थानीय जनता के सहयोग की सराहना की तथा मेयर एवं नगर आयुक्त के साथ गुब्बारे उड़ाकर मेले का शुभारंभ किया। तत्पश्चात उन्होंने डाक विभाग सहित विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और महिला स्वयं सहायता समूहों से संवाद कर उनके उत्पाद भी खरीदे।

कार्यक्रम के उपरांत जिलाधिकारी तथा मेयर ने कमलेश्वर महादेव मंदिर में दीप प्रज्ज्वलित कर पूजा-अर्चना की एवं भगवान कमलेश्वर से लोककल्याण और समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम का मंच संचालन सरिता उनियाल व बबीता थपलियाल ने किया। इस अवसर पर नगर आयुक्त नूपुर वर्मा, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, बीडीओ यमकेश्वर दृष्टि आनंद, डीपीओ देवेंद्र थपलियाल, बीईओ खिर्सू अश्विनी रावत, तहसीलदार दीपक भंडारी सहित विभिन्न वार्डों के वार्ड मेंबर व जनसमूह उपस्थित रहा।




