उत्तराखंड l लोक आस्था का महापर्व छठ रविवार को तीसरे दिन संध्या अर्घ्य के साथ श्रद्धा और उल्लास से मनाया गया। उत्तराखंड में छठ की अनोखी छटा देखने को मिली। मैदानी इलाकों में ही नहीं बल्कि पहाड़ों में लोगों ने छठ पूजा की। देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश से लेकर कुमाऊं में भी छठ पूर्व पूरे श्रद्धाभाव और उल्लास के साथ मनाया गया। बीते दिन व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हुआ था।
वहीं, आज व्रतियों ने छठ घाटों पर जाकर पानी के बहते स्रोतों में खड़े हुए और जब भगवान भास्कर अस्ताचलगामी होने लगे तो उन्हें सायं कालीन अर्घ्य दिया। इस दौरान व्रतियों ने परिवार की सुख समृद्धि की कामना की।

शहर के विभिन्न छठ घाटों पर सुबह से ही तैयारियां देखने को मिलीं। शाम होते ही व्रती महिलाएं और पुरुष परिवार के सदस्यों के साथ पूजा सामग्री लेकर घाटों पर पहुंचे। यहां जल में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया और परिवार की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की।
छठ पूजा के तीसरे दिन को संध्या अर्घ्य के रूप में मनाया जाता है। इस दिन व्रती पूरे दिन निर्जला उपवास रखते हैं और शाम को डूबते सूर्य को अर्घ्य देते हैं। बांस के सूप और दउरा में ठेकुआ, फल, गन्ना, नारियल सहित विभिन्न पारंपरिक प्रसाद सजाए जाते हैं।
व्रती जल में खड़े होकर दूध और गंगाजल मिश्रित जल से सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। इस दौरान छठी मैया के पारंपरिक गीतों से घाटों का माहौल भक्तिमय बना रहा। मान्यता है कि छठ पर्व में अस्ताचलगामी और उदीयमान दोनों सूर्य की उपासना की जाती है।

संध्या अर्घ्य के बाद व्रती रातभर छठी मैया की आराधना करते हैं। अगले दिन सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा। इसके बाद आज व्रती 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण करेंगे।