मंगलौर उपचुनाव में चली गोली व लाठी डंडे, कई लोग जख्मी
कांग्रेस उम्मीदवार घायलों से लिपट फफक- फफक कर रो पड़े, कांग्रेस की दोबारा मतदान कराने की मांग

– काजी निजामुददीन घायलों को लेकर अस्पताल पहुंचे, लगाए गम्भीर आरोप
मंगलौर। उपचुनाव में आज मतदान के दिन हिंसा की वारदात में कई कांग्रेस कार्यकर्ता घायल हो गए। कांग्रेस के उम्मीदवार काजी निजामुददीन घायलों को देख फफक फफक कर रो पड़े। वे स्वंय घायलों को लेकर अस्पताल पहुंचे।

कार्यकर्ताओं के कपड़े खून से सने हुए थे। काजी ने कहा कि 100 राउंड गोली चलाई गई है। घायलों का मंगलौर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है। उधर, हरिद्वार जिला प्रशासन ने कहा कि मतदेय स्थल पर फायरिंग की घटना तथ्यहीन है।
मिली जानकारी के मुताबिक घटना लिब्बरहेडी गांव में हुई है जहां आपसी झडप में कांग्रेस कार्यकर्ता घायल हो गए। बुधवार की सुबह लिब्बरेहडी गांव के बूथ संख्या 5354 में दो पक्षों में जमकर चले लाठी डंडे चले और दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए।अस्पताल परिसर में मीडिया से बातचीत में आक्रोशित कांग्रेस उम्मीदवार ने कहा कि सत्ताधारी व प्रशासन उन्हें हर कीमत पर हराना चाहता है। हराना मुझे है तो हराओ।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वोटरों को वोट देने से रोका जा रहा है और लाठी डंडों से पीटा गया। वहीं काजी निजामुद्दीन फायरिंग का भी आरोप लगाया है।
नेता विपक्ष यशपाल आर्य, हरीश रावत व करन माहरा ने कहा कि भाजपा समर्थक हिंसा पर उतर आए हैं। कांग्रेस के मतदाताओं को वोट देने से रोक रहे हैं।
हिंसा की घटना से क्षेत्र में तनाव व्याप्त हो गया है। मंगलौर विधानसभा में कांग्रेस के काजी निजामुददीन, भाजपा के करतार से भड़ाना व बसपा उम्मीदवार के बीच मुकाबला है।
बसपा विधायक सरवत करीम अंसारी की मौत के बाद मंगलौर सीट पर हो रहे उपचुनाव में आज वोट डाले जा रहे हैं। इस सीट के उपचुनाव में कांग्रेस नेताओं ने वोटरों को डराने धमकाने और हिंसा की आशंका व्यक्त की थी।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मुसलमानों को वोट देने से रोका जा रहा है और मारपीट हो रही है। उन्होंने एक समुदाय पर हिंसा करने का आरोप भी लगाया।

कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष संगठन/प्रशासन मथुरा दत्त जोशी के नेतृत्व में मंगलौर उपचुनाव में मतदान के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा किये गये गोलीबारी के संबंध में मुख्य चुनाव आयुक्त को एक ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन सौंपते हुए जोशी ने कहा कि उत्तराखण्ड प्रदेश के 33-मंगलौर विधानसभा क्षेत्र में वोटिंग के दौरान सरकारी मशीनरी का खुला दुरूपयोग किया जा रहा है। यही नहीं लिब्बरहेडी में पुलिस प्रशासन एवं मतदान कर्मियों की मौजूदगी में गोलीबारी की घटना सामने आई है, जिसमें बाहरी राज्यों से आये गुंडा तत्वों द्वारा राजकीय प्राथमिक विद्यालय लिब्बरहेडी के बूथ नम्बर 53-54 में मतदाताओं पर लाठी डंडों से प्रहार किया गया तथा गैर कानूनी हथियारों से लगभग 6-7 राउंड हवाई फायरिंग गई जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ता शकील, सहबाग एवं शौकीन नामक व्यक्ति गम्भीर रूप से घायल हुए हैं जिसमें शौकीन नामक युवक की हालत गम्भीर बनी हुई है।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सहलाहकार अमरजीत सिंह, प्रदेश महामंत्री नवीन जोशी, महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. जसविन्दर सिंह गोगी, स्वतत्रता संग्राम सेनानी प्रकोष्ट के महामंत्री अवधेश पन्त, आईसी सेल के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष विशाल मौर्य, प्रवक्ता सुलेमान अली, अनुराग मित्तल, डॉ. सुरेन्द्र प्रजापति आदि उपस्थित थे




