राजनीतिविदेश

बांग्लादेश चुनाव में BNP जीत की ओर; PM मोदी ने तारिक रहमान को दी बधाई

ढाका । बांग्लादेश में कल 13वें संसदीय चुनाव के लिए 299 सीटों पर मतदान कराए गए। आज नतीजे घोषित किए जा रहे हैं। जारी परिणामों में बीएनपी को पूर्ण बहुमत मिला है। प्रधानमंत्री शेख हसीना के देश छोड़ने के करीब डेढ़ साल बाद पहली बार आम चुनाव कराए गए हैं। मुख्य मुकाबला बीएनपी और जमात-ए-इस्लामी के बीच है। अवामी लीग चुनाव से बाहर है। कई सीटों पर अब भी वोटों की गिनती जारी है।

बांग्लादेश चुनाव के ताजा आंकड़े बताते है कि तारिक रहमान के नेतृत्व में बीएनपी बड़ी जीत की ओर बढ़ रही है। ऐसे में अब पीएम नरेंद्र मोदी ने तारिक रहमान और बीएनपी को इस जीत के लिए बधाई दी है। पीएम मोदी ने कहा कि यह जीत बांग्लादेश के लोगों के उनके नेतृत्व में भरोसे को दिखाती है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और समावेशी बांग्लादेश के समर्थन में हमेशा खड़ा रहेगा। प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि वह तारीक रहमान के साथ मिलकर भारत-बांग्लादेश के बहुआयामी संबंधों को और मजबूत करने और दोनों देशों के साझा विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए काम करने के लिए उत्सुक हैं।

बांग्लादेश चुनाव में कुछ सीटों के नतीजे देर से आने पर जमात-ए-इस्लामी ने चुनाव आयोग (EC) पर आरोप लगाया है। जमात के एक नेता ने ढाका के अगारगांव स्थित चुनाव आयोग के सामने पत्रकारों से कहा कि कल के चुनाव और जनमत संग्रह की मतगणना शाम 5 बजे शुरू हुई थी। अब लगभग सुबह 4 बजे हैं, फिर भी आयोग से जुड़े लोगों की वजह से मतगणना में असामान्य देरी हो रही है। उनका कहना था कि यह देरी मत प्रक्रिया में पारदर्शिता और समयबद्ध परिणाम पर सवाल खड़े करती है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button