रक्तदान की आड़ में ‘खून का कारोबार’, लक्सर पुलिस ने खोला अवैध ब्लड कैंप का राज
गांव-देहात में बिना अनुमति कैंप लगाकर रक्त जुटाने का आरोप

27 यूनिट रक्त, ब्लड कलेक्शन उपकरण और दो वाहन बरामद
हरिद्वार/लक्सर (चंद्रशेखर जोशी)। रक्तदान जैसे पवित्र कार्य की आड़ में कथित रूप से अवैध तरीके से रक्त एकत्रित कर उसका कारोबार करने वाले गिरोह का लक्सर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने अलावलपुर तिराहे पर चेकिंग के दौरान दो वाहनों से 27 यूनिट रक्त, 27 खाली ब्लड बैग, रक्त संग्रह एवं जांच से संबंधित उपकरण और अन्य सामग्री बरामद करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी गांव-देहात के क्षेत्रों में बिना आवश्यक अनुमति ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित कर लोगों से रक्त एकत्रित कर रहे थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपद में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 16 अगस्त को कोतवाली लक्सर प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी को सूचना मिली कि कुछ लोग संगठित रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में बिना अनुमति ब्लड डोनेशन कैंप लगा रहे हैं। इन कैंपों में लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित कर रक्त एकत्रित किया जाता था और उसे अधिक कीमत पर अन्य राज्यों में बेचने का प्रयास किया जा रहा था। सूचना मिलते ही टीम का का गठन किया। चौकी सुल्तानपुर प्रभारी उपनिरीक्षक बीरेन्द्र सिंह नेगी ने क्षेत्र में तलाश शुरू की और चौकी भिक्कमपुर प्रभारी उपनिरीक्षक यशवीर सिंह नेगी को भी मामले से अवगत कराया। पुलिस टीम ने अलावलपुर तिराहे पर चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध वाहनों को रोक कर तलाशी ली।
पुलिस के अनुसार स्विफ्ट कार संख्या की डिग्गी में रखे आइस बॉक्स से 27 यूनिट रक्त और 27 खाली ब्लड बैग बरामद हुए। इसके साथ ही ब्लड यूनिट की जांच और माप तथा रक्त संग्रह से संबंधित उपकरण भी मिले।
वहीं, स्कॉर्पियो एन कार से चार डोनर चेयर, डोनर फॉर्म बुक, वेट मशीन, अमृत चैरिटेबल ब्लड सेंटर के 28 प्रमाणपत्र, स्लाइड तथा हाथ बांधने वाली चार बेल्ट बरामद की गईं। गांवों में कैंप लगाकर रक्त जुटाने का आरोप
प्रारंभिक पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ग्रामीण क्षेत्रों में बिना आवश्यक अनुमति अथवा लाइसेंस के ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित कर रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद रक्त कहां से एकत्रित किया गया और इसे कहां भेजने की तैयारी थी। साथ ही कैंपों के आयोजन, संबंधित संस्थाओं और रक्त की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
मामले में कोतवाली लक्सर में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है। अनित सैनी निवासी फतवा लक्सर शुभम कुमार निवासी माड़ा बेला खानपुर दुष्यन्त कुमार निवासी सुरेन्द्र नगर कॉलोनी बिजनौर कावेन्द्र कुमार निवासी हरतला मुरादाबाद व दया सिंह निवासी ईसमपुर ढाणा सम्भल को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 27 यूनिट रक्त, 27 खाली ब्लड बैग, बीपी मशीन, एचबी मशीन, ब्लड ग्रुप जांच सामग्री, डोनर फॉर्म बुक, अमृत चैरिटेबल ब्लड सेंटर के 28 प्रमाणपत्र, स्लाइड का डिब्बा, चार हाथ बांधने वाली बेल्ट, वेट मशीन, चार ब्लड डोनर चेयर, ब्लड यूनिट मापने वाली वेट मशीन तथा एक स्विफ्ट और एक स्कॉर्पियो एन कार बरामद की है।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि रक्तदान जैसे पवित्र कार्य की आड़ में अवैध गतिविधियों को अंजाम देने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।



