लोस चुनाव के लिए उत्तराखंड भाजपा मुस्तैद
कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार, चुनाव में सांसदों की रहेगी मुख्य भूमिका
नई दिल्ली/देहरादून। लोकसभा चुनाव के उत्तराखंड भाजपा मुस्तैद हो गई है। पार्टी के आगामी कार्यक्रमों में सांसदों की अहम भूमिका होगी। सीएम पुष्कर सिंह धामी व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की मौजूदगी में राज्य के सांसदों की पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ दिल्ली में हुई बैठक में तय किया गया कि राज्य भर में सितंबर व अक्टूबर में सघन अभियान चलाया जाएगा जो सांसदों की अगुआई में चलेगा।
केंद्र सरकार के नौ साल पूरे होने के उपलक्ष्य में हाल में चलाए गए महा जनसंपर्क अभियान की समीक्षा की गई। बैठक में तय किया गया अभियान के दौरान सांसद अपने-अपने क्षेत्रों में भाजपा नेताओं के साथ ग्राम स्तर पर प्रवास करेंगे और जनता के साथ संवाद कर केंद्र व राज्य सरकारों की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे। विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के साथ बैठकों का क्रम भी चलेगा। मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में राज्य के पार्टी सांसदों के साथ भाजपा नेताओं की दिल्ली में हुई बैठक में इन कार्यक्रमों की रूपरेखा तय हुई।
केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट के दिल्ली स्थित शासकीय आवास पर हुई बैठक में राज्य के सभी सांसदों के अलावा मुख्यमंत्री धामी, भाजपा के उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, सह प्रभारी रेखा वर्मा, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट व प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार भी शामिल हुए।
बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के नौ साल पूरे होने के उपलक्ष्य में हाल में चलाए गए महा जनसंपर्क अभियान की समीक्षा की गई। इसके अंतर्गत हुए कार्यक्रमों का विस्तार से ब्योरा देते हुए अभियान को पूरी तरह सफल बताया गया।