
पटना । बिहार के 20 जिलों की 122 सीटों पर मतदान शुरू हो चुका है। कुछ बूथों पर EVM खराब होने के कारण मतदान में देरी हुई। सुबह 11 बजे तक 31.38 फीसदी मतदान हुआ। सबसे ज्यादा वोटिंग किशनगंज में हुई।
पूर्णिया में फैशन डिजाइनर और मोटिवेशनल स्पीकर नीतीश चंद्रा ने अपनी मां मंजू सिंह के साथ मतदान किया। वोट देने के बाद उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने बेहतर बिहार के लिए वोट किया है। लोगों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि यदि आपने अभी तक मतदान नहीं किया है, तो तुरंत मतदान केंद्र पहुंचकर वोट दें। उन्होंने कहा कि बिहार के विकास और उज्ज्वल भविष्य के लिए हर मत अमूल्य है।
बिहार में दूसरे चरण में भी बंपर वोटिंग हो रही है। सुबह 11 बजे तक 31.38 प्रतिशत हुआ है। निर्वाचन आयोग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, पश्चिम चंपारण में 32.39%, पूर्वी चंपारण में 31.16%, शिवहर में 31.58%, सीतामढ़ी में 29.81%, मधुबनी में 28.66%, सुपौल में 31.69%, अररिया में 31.88%, किशनगंज में 34.79%, पूर्णिया में 32.94%, कटिहार में 30.83%, भागलपुर में 29.08%, बांका में 32.91%, कैमूर (भभुआ) में 31.98%, रोहतास में 29.80%, अरवल में 31.87%, जहानाबाद में 30.36%, औरंगाबाद में 32.88%, गया में 34.07%, नवादा में 29.02% और जमुई में 33.69% मतदान दर्ज किया गया है।
भागलपुर विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी और वर्तमान विधायक अजीत शर्मा ने पत्नी विभा शर्मा और पुत्र वैभव शर्मा के साथ कृषि भवन मतदान केंद्र पर मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि हर मतदाता का कर्तव्य है कि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए मतदान अवश्य करें। उन्होंने भागलपुरवासियों से भयमुक्त होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। वहीं, मतदान के दौरान उनके पुत्र वैभव शर्मा ने मुस्कुराते हुए इशारों में अपनी पसंद जाहिर की, जिससे मतदान केंद्र पर मौजूद लोगों के बीच उत्सुकता और मुस्कान दोनों देखने को मिलीं।
बिहार विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण में नवादा जिले के वारिसलीगंज क्षेत्र में मतदान के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के समर्थकों के बीच मामूली झड़प हुई। नवादा एसपी अभिनव धिमन ने बताया कि घटना मतदान केंद्र से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर हुई और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। उन्होंने सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त होने की अफवाहों को निराधार बताया, कहा कि वह निजी वाहन था। घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसकी सत्यता पीटीआई स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सका।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण में आज 20 जिलों की 122 सीटों पर मतदान होना है। इस चरण में एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) के 122 और महागठबंधन के 126 उम्मीदवार मैदान में हैं। दूसरे चरण के इस चुनाव में कई बड़े नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। इनमें पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी, मंत्री विजेंद्र यादव, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी, रालोसोपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा की पत्नी स्नेहलता, कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान और भाकपा माले के विधायक दल के नेता महबूब आलम जैसे दिग्गज शामिल हैं।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय से सुबह नौ बजे तक मतदान प्रतिशत जारी हो चुका है। कुल 14.55 प्रतिशत मतदान हुआ है। निर्वाचन आयोग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, पश्चिम चंपारण में 15.04%, पूर्वी चंपारण में 14.11%, शिवहर में 13.94%, सीतामढ़ी में 13.49%, मधुबनी में 13.25%, सुपौल में 14.85%, अररिया में 15.34%, किशनगंज में 15.81%, पूर्णिया में 15.54%, कटिहार में 13.77%, भागलपुर में 13.43%, बांका में 15.14%, कैमूर (भभुआ) में 15.08%, रोहतास में 14.16%, अरवल में 14.95%, जहानाबाद में 13.81%, औरंगाबाद में 15.43%, गया में 15.97%, नवादा में 13.46% तथा जमुई में 15.77% मतदान हुआ है।




