बहादराबाद पुलिस ने ATM फ्रॉड गिरोह का किया पर्दाफाश

17 ATM कार्ड, बाइक और मोबाइल समेत दो शातिर गिरफ्तार
हरिद्वार/बहादराबाद (बी.बी. चंदेला) । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस को ATM फ्रॉड के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। बहादराबाद कोतवाली पुलिस ने ATM कार्ड बदलकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 17 संदिग्ध ATM कार्ड, बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और ₹900 नकद बरामद किए हैं।
कोतवाली पुलिस के अनुसार जनपद में लगातार बढ़ रही ATM ठगी की घटनाओं को देखते हुए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम द्वारा बैंक और ATM बूथों के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी की जा रही थी।
दिनांक 8 मई 2026 को उपनिरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज पुलिस टीम के साथ SBI ATM बूथ, पीपल चौक बहादराबाद के पास चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की काली पल्सर बाइक पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर दोनों को पुराना पथरी पावर हाउस मार्ग के पास पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम शिवा उर्फ शिव पुत्र राजेश, निवासी फेरुपुर महाराणा प्रताप कॉलोनी, थाना पथरी तथा मधुसूदन उर्फ मनोज पुत्र चरण सिंह, निवासी गढ़मीरपुर, थाना रानीपुर बताए। तलाशी के दौरान दोनों के पास से विभिन्न बैंकों के कुल 17 ATM कार्ड, मोबाइल फोन और नकदी बरामद हुई।
सख्ती से पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ATM बूथों में बुजुर्गों, महिलाओं और कम पढ़े-लिखे लोगों को मदद का झांसा देकर उनके ATM कार्ड बदल लेते थे। इसके बाद दूसरे ATM से पैसे निकालकर ठगी की वारदात को अंजाम देते थे।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी पहले भी ATM फ्रॉड के मामलों में जेल जा चुके हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस की अपील:
हरिद्वार पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ATM बूथ पर किसी अजनबी की मदद न लें और अपना PIN किसी से साझा न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दे ।




