बहादराबाद पुलिस की कार्रवाई: शांति व्यवस्था भंग करने पर युवक गिरफ्तार
हरिद्वार /बहादराबाद (बी बी चंदेला )। कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, थाना क्षेत्र के शान्तरशाह स्थित पीआरआई के सामने एक व्यक्ति सड़क पर सरेआम हंगामा और हुड़दंग कर रहा था, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
स्थानीय लोगों द्वारा विरोध जताने के बावजूद युवक अपनी हरकतों से बाज नहीं आया, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई और आमजन में रोष व्याप्त हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसके न मानने पर उसे हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान उस्मान (25 वर्ष), पुत्र मोहम्मद कुर्बान, निवासी शान्तरशाह, थाना बहादराबाद, जिला हरिद्वार के रूप में हुई है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसी कार्रवाइयों को आगे भी जारी रखने की बात कही है।




