उत्तराखण्ड

आशीष ध्यानी बने प्रदेश अध्यक्ष, महामंत्री बने हरीश जोशी, कहा पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा करना प्राथमिकता

उत्तराखंड पत्रकार यूनियन के वार्षिक सम्मेलन में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन

देहरादून। उत्तराखंड पत्रकार यूनियन के वार्षिक सम्मेलन में रविवार को सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। सम्मेलन में प्रदेशभर से आए वरिष्ठ पत्रकारों और यूनियन के सदस्यों ने सर्वसम्मति से आशीष ध्यानी को प्रदेश अध्यक्ष, हरीश जोशी को महामंत्री और तिलक राज को वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष के पद पर नियुक्त किया। इस मौके पर पत्रकारों के हितों और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।

प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व संभालने के बाद आशीष ध्यानी ने कहा कि यह पद उनके लिए सिर्फ सम्मान नहीं बल्कि बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने यूनियन के सभी सदस्यों और वरिष्ठजनों का आभार जताते हुए भरोसा दिलाया कि पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा और उनके हितों को सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने कहा, “यूनियन को एकजुट और सशक्त बनाना मेरी प्राथमिकता होगी। इसके लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। हमें न केवल पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा करनी है, बल्कि उनके लिए एक ऐसा मंच तैयार करना है, जो हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा रहे।” उन्होंने आगे कहा कि पत्रकारिता के मूल्यों को बनाए रखने और समाज में सच्चाई और निष्पक्षता के लिए एक मजबूत और संगठित यूनियन का होना बेहद जरूरी है, जो किसी भी चुनौती का सामना कर सके।

महामंत्री के पद पर नियुक्त हरीश जोशी ने यूनियन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा से काम करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा और उनकी समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता होगी। यूनियन को एक मजबूत मंच बनाते हुए सभी सदस्यों की आवाज को बुलंद करना उनका मुख्य उद्देश्य रहेगा।

वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष तिलक राज ने कहा कि यह जीत पत्रकारों की एकजुटता और संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह हर परिस्थिति में यूनियन के साथियों के साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के अधिकारों और उनके हितों की रक्षा के लिए वह हरसंभव प्रयास करेंगे।

सम्मेलन में पत्रकारिता जगत की चुनौतियों और उनकी रक्षा के लिए जरूरी कदमों पर भी चर्चा की गई। नवनियुक्त टीम ने सभी सदस्यों को आश्वस्त किया कि वे उनके विश्वास पर खरा उतरेंगे और पत्रकार हितों के लिए निरंतर काम करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button