रुद्रप्रयाग में तेज रफ्तार कार खाई में गिरी, हादसे में तीन युवकों की मौत

रुद्रप्रयाग। जिले के भीरी-ककोला मोटर मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे उसमें सवार तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा देर शाम का बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली ऊखीमठ पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक मनोज नेगी और एसडीआरएफ पोस्ट अगस्त्यमुनि से उपनिरीक्षक धर्मेंद्र पंवार के नेतृत्व में राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान नवीन सिंह (30 वर्ष), अंशुल (28 वर्ष) और अमित सिंह (35 वर्ष) के रूप में हुई है। सभी मृतक रुद्रप्रयाग जिले के ही निवासी बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया, जिसके चलते यह हादसा हुआ। हालांकि, दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच में जुट गई है




