उत्तराखण्ड

हैप्पी हत्याकांड में एक और आरोपी गिरफ्तार, तमंचा और खूनालूदा शर्ट बरामद

बहादराबाद /हरिद्वार( बी बी चंदेला )l पतंजलि रोड स्थित देव धर्मकांटा के पास 14 सितंबर को हुए हैप्पी हत्याकांड का बहादराबाद पुलिस ने एक और आरोपी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त .315 बोर का तमंचा, खोखा कारतूस और खूनालूदा शर्ट बरामद करने का दावा किया है। मामले में एक आरोपी को पूर्व में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

पुलिस के अनुसार 14 सितंबर 2026 को शान्तरशाह निवासी 28 वर्षीय हैप्पी की अज्ञात लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। मृतक के भाई कपिल की तहरीर पर कोतवाली बहादराबाद में मुकदमा अपराध संख्या 326/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के शीघ्र खुलासे के लिए एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देशन में पुलिस की कई टीमें गठित की गई थीं।

पुलिस के मुताबिक लगातार की जा रही पतारसी और सुरागरसी के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मामले का आरोपी इस्तकार उर्फ इस्तयाक थाना फतेहपुर क्षेत्र में मौजूद है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना फतेहपुर क्षेत्र में छुटमलपुर फ्लाईओवर के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों मुदस्सिर और शादाब के साथ मिलकर पुरानी रंजिश के चलते हैप्पी की हत्या करने की बात बताई। पुलिस का कहना है कि इस्तकार को वर्ष 2022 के एक मामले में हैप्पी द्वारा पुलिस को मुखबिरी किए जाने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच रंजिश चल रही थी। पुलिस के अनुसार आरोपी ने यह भी बताया कि हैप्पी उसे पुलिस से पकड़वाने की धमकी देता था और पैसों की मांग करता था।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने 12 सितंबर को घटनास्थल की रेकी की और 14 सितंबर को वारदात को अंजाम दिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान इस्तकार उर्फ इस्तयाक पुत्र वहीद, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम शान्तरशाह, कोतवाली बहादराबाद के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक .315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक खूनालूदा शर्ट बरामद की है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है तथा अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है। पुलिस ने इस्तकार की गिरफ्तारी के लिए 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button