नशीला पदार्थ खिलाकर चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा तीन गिरफ्तार

हरिद्वार (चंद्रशेखर जोशी)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली लक्सर पुलिस ने नशीला पदार्थ खिलाकर बुजुर्ग को बेहोश करने के बाद चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया । पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के माल को बेचकर खरीदी गई मोटरसाइकिल, करीब 25 किलोग्राम पीतलनुमा धातु के टुकड़े एवं पाइप तथा 1500 रुपये की नकदी बरामद की है। मामले में चोरी की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और शेष माल की बरामदगी के लिए पुलिस टीम द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार अशोक कुमार पुत्र शम्भू सिंह निवासी धमरौला, थाना नूरपुर, जिला बिजनौर हाल निवासी चरखी गोदाम लक्सर ने कोतवाली लक्सर में तहरीर देकर बताया था कि 25 अगस्त 2026 को अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें और उनके साथी को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया तथा उनकी मोटरसाइकिल और करीब 120 किलोग्राम पीतल चोरी कर लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार ने क्षेत्राधिकारी लक्सर एवं प्रभारी निरीक्षक कोतवाली लक्सर को घटना के शीघ्र अनावरण के निर्देश दिए। निर्देशों के क्रम में पुलिस टीमों का गठन कर घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए तकनीकी साक्ष्यों, डिजिटल इनपुट एवं मैनुअल पुलिसिंग के माध्यम से संदिग्धों की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीमों ने उत्तर प्रदेश एवं हरियाणा के सीमावर्ती क्षेत्रों में भी संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाई। लगातार किए गए प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने 24 सितंबर को पीपली पुल के पास सुल्तानपुर रोड, लक्सर से तीन आरोपियों को चोरी के माल समेत गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि 25 अगस्त को तीनों आरोपी अपने एक अन्य साथी के साथ योजनाबद्ध तरीके से शाम के समय चरखी गोदाम पहुंचे थे। दो आरोपी गोदाम के बाहर रैकी कर रहे थे, जबकि एक आरोपी गोदाम के अंदर गया। वहां उसने मिस्त्री मुल्ला से मुलाकात कर अशोक मुंशी के बारे में जानकारी ली। आरोपियों ने पहले से ही कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिला रखा था, जिसे पहले मिस्त्री मुल्ला और बाद में वहां पहुंचे अशोक मुंशी को पिलाया गया। कुछ समय बाद दोनों के बेहोश होने पर आरोपियों ने अशोक मुंशी की जेब से आलमारी की चाबी निकाल ली। इसके बाद आलमारी से पुराने पीतलनुमा धातु के टुकड़े एवं पाइप आदि के करीब तीन कट्टे चोरी कर लिए और अशोक मुंशी की मोटरसाइकिल की चाबी लेकर उसी मोटरसाइकिल से चोरी का माल लेकर फरार हो गए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए पीतल के कुछ माल को चारों आरोपियों ने अलग-अलग स्थानों पर करीब 25 हजार रुपये में बेच दिया था। बिक्री से प्राप्त रकम में से 22 हजार रुपये डाउन पेमेंट देकर सफेद रंग की मोटरसाइकिल खरीदी गई। तलाशी के दौरान बरामद 1500 रुपये चोरी के माल को बेचकर बची रकम बताई गई है। आरोपियों ने शेष करीब 25 किलोग्राम माल को सीमेंट फैक्ट्री लक्सर के पास गन्ने के खेत में छिपाकर रखा था जिसे बाद में बेचने के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस ने उक्त माल भी बरामद कर लिया।
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि वादी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल आरोपियों के एक अन्य साथी के कब्जे में है। पुलिस उक्त साथी और मोटरसाइकिल की तलाश में जुटी हुई है। गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनीत पुत्र सोमपाल निवासी ग्राम तेड़ा, थाना सिंघावली अहीर जिला बागपत उत्तर प्रदेश टिंकू उर्फ कृष्ण पुत्र रोहतास निवासी ग्राम बगरा थाना तितावी जिला मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश तथा रविन्द्र पुत्र ओमवीर निवासी ग्राम शिवनगर थाना किला जिला पानीपत, हरियाणा के रूप में हुई है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश बिष्ट, उपनिरीक्षक समीप पाण्डेय प्रभारी चौकी बाजार, उपनिरीक्षक आशीष आदि शामिल रहे।


