ऑपरेशन प्रहार के तहत बहादराबाद पुलिस का नशा तस्करों पर शिकंजा, दो गिरफ्तार

बहादराबाद/ हरिद्वार (बी बी चंदेला )l ऑपरेशन प्रहार-2026 के तहत बहादराबाद पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से कुल 16.21 ग्राम अवैध स्मैक तथा बिना नंबर की यामाहा मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
पुलिस के मुताबिक, 1 सितंबर को पुलिस टीम पुराना पावर हाउस बहादराबाद के पास गश्त एवं चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की मोटरसाइकिल से स्मैक ले जा रहे सावेज (26) पुत्र इरफान और नदीम (35) पुत्र सलीम, दोनों निवासी मस्जिद वाली गली, कस्बा बहादराबाद, को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से क्रमशः 8.58 ग्राम और 7.63 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की बिक्री और परिवहन करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
कार्रवाई करने वाली टीम में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विकास रावत, हेड कांस्टेबल नरविंदर सिंह तथा कांस्टेबल बलवंत सिंह और पंकज बिष्ट शामिल रहे।
न्यायालय से फरार चल रहे दो वारंटी गिरफ्तार
बहादराबादl न्यायालय के आदेशों का पालन नहीं करने वाले वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बहादराबाद पुलिस ने दो वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर को टीम ने बलराम पुत्र खेमराम और कृष्णपाल उर्फ कन्हैया पुत्र खेमराम, दोनों निवासी ग्राम रोहालकी किशनपुर, कोतवाली बहादराबाद, को उनके मस्कन से गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ न्यायालय द्वारा वारंट जारी किए गए थे और वे गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहे थे।
पुलिस ने दोनों वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज, हेड कांस्टेबल नरविंदर सिंह और कांस्टेबल पंकज बिष्ट शामिल रहे।



