बहादराबाद पुलिस ने 26 भैंसों को कराया मुक्त, एक की मौत, पशु ठेकेदार गिरफ्तार

बहादराबाद /हरिद्वार (बी बी चंदेला ) l थाना बहादराबाद पुलिस ने देर रात चेकिंग के दौरान एक ट्रक/कैंटर से 26 भैंसों को बरामद कर पशु क्रूरता से बचाया। पुलिस ने मौके से पशुओं के ठेकेदार को गिरफ्तार किया, जबकि वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। बरामद भैंसों में से एक की मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी।
पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त की रात करीब 11:21 बजे टोल प्लाजा कर्मी अमन ने सूचना दी कि एक ट्रक/कैंटर में बड़ी संख्या में जानवर भरे होने का संदेह है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी कस्बा बहादराबाद उपनिरीक्षक विकास रावत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 26 भैंसों को बिना अनुमति बेहद क्रूरता के साथ ठूंसकर ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने वाहन में मौजूद पशुओं के ठेकेदार अशफाक पुत्र मुस्ताक निवासी थीतकी, देवबंद, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह भैंसों को बेचने के लिए ले जा रहा था। वहीं, ट्रक चालक पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना बहादराबाद में पशु क्रूरता निवारण अधिनियम एवं धारा 325 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया है। बरामद पशुओं को बहादराबाद निवासी भूरा के सुपुर्द किया गया है। मृत भैंस को नियमानुसार दफना दिया गया।




