उत्तराखण्ड

हरिद्वार में स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, दो बार पहले भी जा चुका है जेल

महिला सप्लायर की तलाश तेज
हरिद्वार (चंद्रशेखर जोशी)। कोतवाली नगर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए 12.06 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से इलेक्ट्रॉनिक तराजू और मोबाइल फोन भी बरामद किया। मामले में एक महिला को स्मैक सप्लाई करने वाला बताया गया है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। आरोपी दो बार पहले भी नशा तस्करी में जेल जा चुका हैl
पुलिस के अनुसार 12/13 अगस्त की रात पुलिस टीम दुधियावन तिराहे के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दुधियावन रोड पर ठोकर नंबर एक के पास गीता कुटीर आश्रम की ओर से एक युवक पैदल आता दिखाई दिया। टॉर्च की रोशनी डालकर पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो वह अचानक पीछे मुड़कर तेज कदमों से भागने लगा। शक होने पर पुलिस कर्मियों ने पीछा कर उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक, पकड़े जाने के दौरान युवक ने अपनी पैंट की जेब से पन्नी में रखा संदिग्ध पदार्थ फेंकने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने उसे रोक लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सूरज कुमार (23) पुत्र राजेश दास, निवासी कबाड़ी बस्ती लालजीवाला हरिद्वार बताया।
तलाशी लेने पर उसके पास से पन्नी बरामद हुई जिसमें 12.06 ग्राम स्मैक थी। इसके अलावा एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और ओपो कंपनी का मोबाइल फोन मिला। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह टाइल-पत्थर का काम करता है और स्मैक रचना पत्नी सानू पाल, निवासी रायवाला, देहरादून से लेकर आया था। आरोपी ने यह भी बताया कि वह पूर्व में दो बार स्मैक के मामलों में जेल जा चुका है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली नगर में मुकदमा एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया। वहीं पुलिस ने रचना की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। गिरफ्तारी की
कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा के नेतृत्व में वरिष्ठ उपनिरीक्षक गोपाल दत्त भट्ट, उपनिरीक्षक नवीन चौहान, उपनिरीक्षक ऋषिकान्त पटवाल, कांस्टेबल सन्दीप नेगी और कांस्टेबल पवन ने की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button