उत्तराखण्डधर्म-संस्कृति

कांवड़ मेले की सफलता पर खाकी का सम्मान

प्रेमनगर आश्रम में सजा ‘बड़ा खाना’
मेहनत को मिला मंच, पुलिसकर्मियों, ट्रैफिक वालंटियर्स व एसपीओ का हुआ सम्मान
पूरी फोर्स को तीन दिन के पारितोषिक अवकाश की घोषणा
हरिद्वार (चंद्रशेखर जोशी)। श्रावण कांवड़ मेला-2026 के सफल एवं सुरक्षित आयोजन के बाद पुलिस प्रशासन की ओर से प्रेमनगर आश्रम स्थित हॉल में ‘बड़ा खाना’ एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कांवड़ मेले के दौरान दिन-रात ड्यूटी में जुटे पुलिसकर्मियों, ट्रैफिक वालंटियर्स, एसपीओ और पहली बार मैदान में उतरे ट्रेनी रिक्रूट्स की मेहनत को सराहा गया।


कार्यक्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं एसएसपी नवनीत सिंह ने मुख्य अतिथि एडीजी कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन सहित आईजी एसटीएफ निलेश आनंद भरणे, आईजी कुंभ योगेंद्र सिंह रावत, आईजी रेंज राजीव स्वरूप, डीआईजी लॉ एंड ऑर्डर धीरेंद्र गुंज्याल समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों एवं पैरामिलिट्री फोर्स के अधिकारियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत एसएसपी नवनीत सिंह द्वारा कांवड़ मेला से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के साथ हुई। मेले के दौरान किए गए सुरक्षा इंतजामों और पुलिस बल की भूमिका का उल्लेख होते ही समारोह तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। अधिकारियों ने सफल आयोजन के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर समेत पूरी टीम को बधाई दी।


ट्रेनी रिक्रूट्स की भी हुई खूब सराहना । वरिष्ठ अधिकारियों ने पहली बार कांवड़ मेले में ड्यूटी कर रहे ट्रेनी रिक्रूट्स के उत्साह और मेहनत की विशेष रूप से सराहना की। इसके साथ ही पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर यातायात व्यवस्था संभालने वाले ट्रैफिक वालंटियर्स और एसपीओ के योगदान को भी सराहा गया।
एडीजी कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन ने हरिद्वार समेत अन्य जनपदों से आए सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों- कर्मचारियों, ट्रैफिक वालंटियर्स एवं एसपीओ को सम्मानित किया। उन्होंने पूरी फोर्स को सफल कांवड़ मेले के लिए बधाई देते हुए तीन दिन के पारितोषिक अवकाश की घोषणा की।
सम्मान समारोह के बाद पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों, पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों, गणमान्य नागरिकों और मीडिया प्रतिनिधियों ने साथ बैठकर स्वादिष्ट भोजन का आनंद लिया। कार्यक्रम ने कांवड़ मेले की सफलता में जुटी पूरी टीम के उत्साह को नई ऊर्जा दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button