उत्तराखण्ड

टिहरी विस्थापित कॉलोनी में दो घरों में हुई चोरी का खुलासा, तीन गिरफ्तार

पांच लाख नकद व वारदात में प्रयुक्त टेंपो बरामद
हरिद्वार (चंद्रशेखर जोशी)। कांवड़ मेले की व्यस्तता के बीच पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए टिहरी विस्थापित कॉलोनी में दो घरों में हुई चोरी का खुलासा किया है। पुलिस ने वारदात में शामिल तीन शातिर आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के जेवर बेचकर मिली पांच लाख रुपये की नकदी, दस्तावेज व घटना में प्रयुक्त टेंपो बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
कोतवाली रानीपुर क्षेत्र की टिहरी विस्थापित कॉलोनी की गली नंबर ए-20 में 29 जुलाई की रात अज्ञात चोरों ने दो मकानों को निशाना बनाया था। चोरों ने मकानों के ताले तोड़कर जेवरात और अन्य सामान चोरी कर लिया था। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक रानीपुर मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। सीआईयू को तकनीकी सहयोग और महत्वपूर्ण सुराग जुटाने की जिम्मेदारी दी गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की और कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान पुलिस को वारदात में इस्तेमाल एक टेंपो के बारे में अहम सुराग मिला। पुलिस टीम ने टेंपो की तलाश में हरिद्वार समेत आसपास के जिलों में दबिश दी।आखिरकार 7 अगस्त को बीएचईएल स्टेडियम के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक नीले रंग के टेंपो के साथ अक्षय उर्फ गोलू को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से स्वर्गीय राजेंद्र पाल के नाम का पुलिस कार्ड भी बरामद हुआ।
पूछताछ में अक्षय ने अपने दो साथियों सोनू सैनी और सोनू शर्मा के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना कबूल किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने रावली महदूद क्षेत्र में एक मकान से दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से पांच लाख रुपये नकद, राजेंद्र पाल का पैन कार्ड और आधार कार्ड बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 29 जुलाई की शाम तीनों ने शराब पीने के बाद बंद मकानों में चोरी करने की योजना बनाई थी। टिहरी विस्थापित कॉलोनी की गली ए-20 में पहले एक मकान का ताला तोड़ा, लेकिन वहां कुछ नहीं मिला। इसके बाद पास के दूसरे मकान को निशाना बनाया और अलमारी का ताला तोड़ कर सोने के जेवरात चोरी कर लिए।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने चोरी के जेवरात अगले ही दिन धामपुर में एक घूम-घूम कर सामान खरीदने वाले व्यापारी को पांच लाख रुपये में बेच दिए थे। बरामद रकम को आपस में बांटने के लिए तीनों हरिद्वार में एकत्र हुए थे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। पूछताछ में आरोपितों ने अपने नाम अक्षय उर्फ गोलू, निवासी टांडा माईदास, थाना नगीना, बिजनौर सोनू सैनी, निवासी टीबड़ी, थाना कोतवाली शहर, बिजनौर सोनू शर्मा, निवासी धामपुर, बिजनौर हाल निवासी मुरादाबाद बताए। तीनों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड के अलग-अलग थानों में मुकदमे दर्ज हैं पहले भी चोरी की वारदात में जेल जा चुके हैं। आरोपितों के कब्जे से पांच लाख रुपये नकद वारदात में प्रयुक्त टेंपो एक पुलिस कार्ड एक पैन कार्ड अन्य दस्तावेज मिले। कार्रवाई में कोतवाली रानीपुर पुलिस व सीआईयू की टीम शामिल रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button