कांवड़ यात्रा को लेकर बहादराबाद पुलिस की होटल-ढाबा संचालकों के साथ बैठक

बहादराबाद, हरिद्वार (बी बी चंदेला )l आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने होटल व्यवसायियों, रेस्टोरेंट एवं ढाबा संचालकों के साथ बैठक आयोजित की।
प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह की अध्यक्षता में चौकी शान्तरशाह परिसर में आयोजित गोष्ठी में व्यवसायियों को निर्देश दिए गए कि कांवड़ यात्रा के दौरान आने वाले शिवभक्तों को स्वच्छ, शुद्ध एवं गुणवत्तायुक्त वैष्णव भोजन उपलब्ध कराया जाए। साथ ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और निर्धारित दरों पर ही भोजन उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में होटल एवं प्रतिष्ठानों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने, किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अनियमितता से बचने तथा पुलिस-प्रशासन का पूर्ण सहयोग करने की अपील की गई। प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में सभी व्यवसायियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
बैठक में मौजूद होटल, रेस्टोरेंट एवं ढाबा संचालकों ने पुलिस प्रशासन को हर संभव सहयोग देने तथा श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।


