बहादराबाद में ऑपरेशन प्रहार: सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते 14 लोग पकड़े, 3 वाहन सीज

हरिद्वार/ बहादराबाद (बी बी चंदेला)। कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्ती दिखाई। पुलिस ने अभियान चलाकर 14 लोगों को हिरासत में लिया, जबकि 3 वाहनों को सीज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपदभर में सार्वजनिक स्थानों, होटल-ढाबों और सड़क किनारे शराब पीकर उत्पात मचाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में बेगमपुर इंडस्ट्रियल क्षेत्र से महिलाओं पर फब्तियां कसने की शिकायत मिलने पर 3 मई 2026 को प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने सड़क किनारे, शराब की दुकानों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग कर रहे 14 लोगों को पकड़ लिया। सभी के खिलाफ पुलिस एक्ट की धारा 81 के तहत चालान कर कुल ₹7,000 का संयोजन शुल्क वसूला गया।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 3 वाहनों को भी सीज किया। साथ ही सभी आरोपियों को सख्त चेतावनी दी गई कि भविष्य में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने या हुड़दंग करने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और आम जनता ने राहत की सांस ली।




