हल्द्वानी: टांडा वन रेंज क्षेत्र में जंगली हाथी ने दो लोगों को कुचला

हल्द्वानी। लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के टांडा वन रेंज क्षेत्र के शाह पठानी खत्ता क्षेत्र में हाथी के हमले से दो लोगों की मौत हो गई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वन विभाग और पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है। एक मृतक की पहचान हो चुकी है, जबकि दूसरे की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों व्यक्ति इलाके में मौजूद थे, तभी अचानक एक जंगली हाथी ने उन पर हमला कर दिया। हाथी ने दोनों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
मृतकों में एक की पहचान बांधो प्रजापति, उम्र लगभग 75 वर्ष, निवासी हुंकारखाप, जबड़ा, जिला चतरा, झारखंड के रूप में हुई है। दूसरे मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है, जिसके लिए पुलिस द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं।




