
नई दिल्ली । दिल्ली सरकार की पूर्व आबकारी (शराब) नीति से जुड़े कथित घोटाले में शुक्रवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया, जब दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया समेत सभी आरोपियों को भ्रष्टाचार मामले में डिस्चार्ज कर दिया. विशेष न्यायाधीश जितेंद्र सिंह ने अपने आदेश में कहा कि जांच एजेंसी CBI आरोपों को आगे बढ़ाने के लिए पर्याप्त और ठोस सामग्री पेश करने में विफल रही. सुनवाई के दौरान केजरीवाल और सिसोदिया स्वयं अदालत में मौजूद रहे, जहां फैसले के बाद उन्हें बड़ी कानूनी राहत मिली. कोर्ट के फैसले के बाद अरविंद केजरीवाल भावुक हो गए।
- Delhi Liquor Policy Case Live: सूत्रों के मुताबिक CBI दिल्ली सरकार की पूर्व आबकारी नीति घोटाला मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट के फैसले को चुनौती देने की तैयारी कर रही है. CBI जल्द ही दिल्ली हाईकोर्ट में अपील दायर कर सकती है। जानकारी के अनुसार CBI मुख्यालय के अधिकारी इस मामले में कानूनी सलाह ले रहे हैं और अगले दो दिनों के भीतर हाईकोर्ट में अपील दाखिल की जा सकती है. सूत्रों का कहना है कि एजेंसी निचली अदालत के फैसले के खिलाफ उपलब्ध कानूनी विकल्पों पर विचार कर रही है और जल्द ही इस संबंध में औपचारिक कदम उठाया जाएगा.
- Arvind Kejriwal Live: आप सांसद संजय सिंह ने X पर पोस्ट कर कोर्ट के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कोर्ट द्वारा उनके नेताओं को बरी किए जाने से यह साबित हो गया है कि देश की सत्ता पर एक ‘खतरनाक षड्यंत्रकारी’ शासन कर रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि साजिश रचकर देश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया और आम आदमी पार्टी (AAP) को बदनाम करने की कोशिश की गई तथा उनके नेताओं को जेल में यातनाएं दी गईं.




