देशराजनीति

बिहार में भाजपा समर्थित पार्टी भारी जीत की ओर, बिहार तो झांकी है, आगे बंगाल बाकी है

पटना । बिहार विधानसभा चुनाव के रुझानों में एनडीए बंपर जीत की तरफ बढ़ रहा है। राजद के नेतृत्व में महागठबंधन का बुरा हाल है। साफ है कि बिहार की जनता ने पीएम मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में एक बार फिर विश्वास जताया है।

बिहार के नतीजों पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ‘यह विकसित बिहार में विश्वास रखने वाले हर बिहारवासी की जीत है। जंगलराज और तुष्टीकरण की राजनीति करने वाले किसी भी भेष में आएं, उन्हें लूटने का मौका नहीं मिलेगा। जनता अब सिर्फ और सिर्फ प्रदर्शन की राजनीति के आधार पर जनादेश देती है। नरेंद्र मोदी जी और नीतीश कुमार जी व एनडीए के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को बधाई देता हूं। साथ ही अपने अथक परिश्रम से इस परिणाम को चरितार्थ देने वाले बूथ कार्यकर्ताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं का अभिवादन करता हूं।’

अमित शाह ने कहा कि ‘बिहारवासियों का एक-एक वोट भारत की सुरक्षा और संसाधनों से खेलने वाले घुसपैठियों और उनके हितैषियों के खिलाफ मोदी सरकार की नीति में विश्वास का प्रतीक है। वोटबैंक के लिए घुसपैठियों को बचाने वालों को जनता ने करारा जवाब दिया है। बिहार की जनता ने पूरे देश का मूड बता दिया है कि मतदाता सूची शुद्धिकरण अनिवार्य है और इसके खिलाफ राजनीति की कोई जगह नहीं है। इसीलिए राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस आज बिहार में आखिरी पायदान पर आ गई है।’

‘बिहार तो झांकी है, आगे बंगाल बाकी है’

बिहार के मंत्री और गया टाउन विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार प्रेम कुमार ने बिहार विधानसभा चुनाव परिणाम पर कहा, ‘बिहार तो एक झांकी है और आगे बंगाल बाकी है। अगला पड़ाव भाजपा का बंगाल में होगा और वहां पर हम सरकार बनाएंगे। बिहार में चुनाव संपन्न होने के बाद अगला चढ़ाई हम बंगाल में करेंगे और वहां पर हम ममता बनर्जी को सत्ता से बाहर करेंगे। वहां पर जो जंगलराज आ गया है और वहां की जनता को जंगलराज से मुक्त कराकर राम राज लाने का काम करेंगे।’

शाम 4 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, एनडीए 209, महागठबंधन 29, एआईएमआईएम 6 और अन्य 1 सीट पर आगे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button