देश
दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास कार में धमाका, वाहनों के उड़े परखच्चे, आठ लोगों की मौत

नई दिल्ली । दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास सोमवार शाम एक धमाका हो गया। यह धमाका मेट्रो स्टेशन के पास एक कार में हुआ है। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास खड़े वाहनों तक के परखच्चे उड़ गए। साथ ही धमाके में आठ लोगों की मौत हो गई और करीब 40 लोग घायल हो गए हैं। धामके की सूचना पर दमकल की कुल 7 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की एक टीम भी मौके पर है। विस्फोट के बाद दिल्ली में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
धमाके के बाद स्थानीय निवासी राजधर पांडे ने बताया, ‘मैंने अपने घर से आग की लपटें देखीं और फिर नीचे आकर देखा कि क्या हुआ है। ज़ोरदार धमाका हुआ। मैं पास में ही रहता हूं।’ लाल किला क्षेत्र दिल्ली के सबसे ज्यादा व्यस्त और घनी आबादी वाले इलाके में शामिल है। दिल्ली अग्निशमन विभाग के अनुसार, लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास खड़ी एक कार में विस्फोट की सूचना मिली, जिसके बाद आसपास खड़ी तीन से चार गाड़ियां भी आग की चपेट में आ गईं और क्षतिग्रस्त हो गईं।




