उत्तरप्रदेश

अमेठी : लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर भीषण हादसा, कंटेनर से टकराई एसयूवी, कटर से निकाली लाश

अमेठी । लखनऊ–वाराणसी हाईवे पर कमरौली रेलवे क्रॉसिंग के पास मंगलवार रात सड़क हादसे में हारीमऊ गांव निवासी अजहर अहमद (30) की मौत हो गई। उनकी एसयूवी सामने से आ रहे कंटेनर से टकरा गई। हादसे में वाहन सवार उनके दोस्त गुद्दन, चांद बाबू, गोलू और वीरेंद्र घायल हो गए। दुर्घटना के बाद करीब आधे घंटे तक हाईवे पर यातायात बाधित रहा। एनएचएआई रोड सेफ्टी टीम ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर आवागमन शुरू कराया।

इम्तियाज ने बताया कि उनका भाई अजहर मंगलवार रात अपने दोस्तों के साथ किसी कार्य से एसयूवी से कमरौली जा रहा था। कमरौली रेलवे क्रॉसिंग के पास सामने से आ रहे कंटेनर ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एसयूवी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को बाहर निकालकर जगदीशपुर ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद अजहर को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई।

हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन सहित भाग निकला। दुर्घटना के कारण हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। एनएचएआई रोड सेफ्टी के प्रभारी आदित्य चतुर्वेदी ने टीम भेजकर क्षतिग्रस्त वाहन सड़क किनारे हटवाए और जाम खुलवाया।

लगभग 30 मिनट बाद यातायात सामान्य हो सका। कमरौली थाना प्रभारी मुकेश पटेल ने बताया कि हादसे में युवक की मौत जगदीशपुर ट्रॉमा सेंटर में हुई है, इसलिए विधिक कार्रवाई जगदीशपुर पुलिस कर रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल
अजहर की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। पिता नियाज अहमद, मां सहनाज बानों, पत्नी फरहीम बानों और भाई इम्तियाज, फुरकान, सद्दाम, मजहर व इजहार का रो-रो कर बुरा हाल है। परिवारजन एक-दूसरे को संभालते हुए भी अपने आंसू रोक नहीं पा रहे थे। ग्रामीण व रिश्तेदार परिजनों को ढांढ़स बंधाने में जुटे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button