
नई दिल्ली । तमिलनाडु के करूर जिले में शनिवार शाम तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) की चुनावी रैली में भीड़ के कारण मची भगदड़ ने दुखद मोड़ ले लिया। अभिनेता से राजनेता बने विजय के ‘वेलिचम वेलियरु’ (प्रकाश फैलाओ) अभियान की इस सभा में वेलुसामीपुरम में करीब 7:20 बजे हजारों समर्थक इकट्ठा हुए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक बिजली गुल होने से अफरा-तफरी मच गई। लोग एक-दूसरे पर गिर पड़े, जिसमें बच्चे और बुजुर्ग भी फंस गए। अब तक 36 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें 6 बच्चे, 9 पुरुष और 16 महिलाएं शामिल हैं। 50 से ज्यादा लोग घायल हैं, जिनका करूर मेडिकल कॉलेज अस्पताल और निजी अस्पतालों में इलाज चल रहा है। कई की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर गहरा दुख जताया। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा, तमिलनाडु के करूर में राजनीतिक रैली के दौरान हुई यह घटना बेहद दुखद है। मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया। इस कठिन समय में उन्हें शक्ति मिले। सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।


