उत्तरप्रदेशउत्तराखण्ड

अमेठी में खड़ी पिकअप से टकराई कार, उत्तराखंड के छह लोग घायल

मुसाफिरखाना (अमेठी)। अमेठी जिले के मुसाफिरखाना में कादू नाला के पास एक सड़क हादसा हुआ।  भाले सुल्तान शहीद स्मारक क्षेत्र से गुजरने वाले लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर शुक्रवार को पंक्चर खड़ी पिकअप से कार टकरा गई। हादसे में कार सवार छह लोगों सहित पिकअप चालक घायल हो गया। घायलों को सीएचसी मुसाफिरखाना पहुंचाया गया, जहां एक की हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच में जुटी है।

उत्तराखंड के रहने वाले यशवंत सिंह नेगी (45), त्रिलोक सिंह राणा (63), पूजा नेगी (40), दिव्यांश सिंह नेगी (20), उमेद सिंह नेगी (68), कुंवर बेबी (65) के साथ कार से वाराणसी जा रहे थे। रास्ते में भाले सुल्तान शहीद स्मारक क्षेत्र से गुजरने वाले लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर कादूनाला के पास पंक्चर खड़ी पिकअप से कार टकरा गई। हादसे में पिकअप चालक बाराबंकी के हैदरगढ़ के बरहना के रहने वाले शिव शरण यादव (36) सहित कार सवार सभी लोग घायल हो गए।

चीख-पुकार पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने कार से घायलों को बाहर निकाल कर सीएचसी मुसाफिरखाना पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद शिवसरन यादव की हालत नाजुक देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। कार सवार घायलों को उपचार के बाद स्वास्थ्य में सुधार होने पर घर भेज दिया गया। भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाना प्रभारी तनुज पाल ने बताया कि क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लिया गया है। मामले में तहरीर मिलने के बाद केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने घायलों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button