अमेरिका में 24 घंटे के भीतर दूसरी बार में हुई फायरिंग, लुइसियाना के नाइट क्लब में गोलीबारी, 12 लोग घायल
बैटन रूज। अमेरिका के लुइसियाना प्रांत के बैटन रूज के एक नाइट क्लब में रविवार देर रात हुई गोलीबारी में 12 लोग घायल हो गए। लुइसियाना के अधिकारियों का कहना है कि घायल व्यक्तियों में एक की हालत गंभीर है। अन्य घायलों की हालत स्थिर है। इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा, गोलीबारी की यह घटना रात डेढ़ बजे डायोर बार एंड लाउंज में हुई। चूंकि अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, इसलिए घटना के कारणों का पता भी नहीं चल पाया है। घटना की जांच की जा रही है और जल्द ही कुछ सुराग हाथ लगने की संभावना है।
अमेरिका के कैलिफोर्निया प्रांत के लॉस एंजिलिस शहर में शनिवार को गोलीबारी की घटना सामने आई थी। जिसमें 10 लोगों की मौत हुई है। जानकारी के अनुसार, चीनी न्यू ईयर फेस्टिवल के दौरान अंधाधुंध गोलीबारी हुई थी। जिसमें 10 लोगों की मौत हुई और 10 के करीब लोग घायल हुए हैं।