उत्तराखण्ड

APK फाइल डाउनलोड करते ही खाते से उड़े 99 हजार

साइबर सेल ने पूरी रकम कराई वापस
त्वरित कार्रवाई से पीड़ित को मिली राहत
हरिद्वार (चंद्रशेखर जोशी)। साइबर ठगों के नए-नए तरीकों के बीच भीमगोड़ा निवासी एक व्यक्ति के साथ APK फाइल के जरिए 99 हजार रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया। हालांकि शिकायत मिलते ही हरिद्वार साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी की रकम को होल्ड करा दिया और आवश्यक पत्राचार के बाद पूरी धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी।
जानकारी के अनुसार भीमगोड़ा निवासी व्यक्ति के मोबाइल फोन में एक APK फाइल डाउनलोड की गई थी। फाइल डाउनलोड करने के बाद मोबाइल में अपडेट करने का विकल्प दिखाई दिया। इसी दौरान साइबर ठगों ने उनके बैंक खाते से 99,000 रुपये की धनराशि निकाल ली। खाते से रकम कटने की जानकारी मिलते ही पीड़ित के होश उड़ गए।
पीड़ित ने बिना समय गंवाए मामले की जानकारी संबंधित बैंक, नजदीकी थाने और साइबर हेल्पलाइन को दी। शिकायत प्राप्त होते ही साइबर सेल हरिद्वार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की। साइबर सेल की टीम ने संबंधित बैंक से संपर्क कर ठगी की रकम को होल्ड कराया, जिससे रकम को आगे ट्रांसफर होने से रोका जा सके। साइबर सेल की ओर से आवश्यक पत्राचार और बैंकिंग प्रक्रिया पूरी कराई गई। पुलिस की तत्परता के परिणामस्वरूप ठगी गई 99 हजार रुपये की पूरी धनराशि पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दी गई। पूरी रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने हरिद्वार पुलिस और साइबर सेल की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। साइबर सेल ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल पर आने वाली किसी भी अनजान APK फाइल को डाउनलोड न करें। इसके अलावा किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने, अनजान एप्लीकेशन को इंस्टॉल करने अथवा मोबाइल में किसी प्रकार का अपडेट कराने से पहले उसकी विश्वसनीयता की जांच जरूर करें। साइबर ठगी होने पर घबराने के बजाय तत्काल बैंक और साइबर हेल्पलाइन को सूचना देना बेहद जरूरी है, ताकि ठगी की रकम को समय रहते होल्ड कराकर वापस कराने की कार्रवाई की जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button