उत्तराखण्ड

पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा, प्यार में बाधा बने पिता की हत्या

हरिद्वार/बहादराबाद, (बी बी चंदेला)। कोतवाली बहादराबाद क्षेत्र में हुए चर्चित राजवीर हत्याकांड का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या की वजह मृतक की शादीशुदा बेटी के साथ आरोपी का प्रेम संबंध और शादी की चाहत सामने आई है।
एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह ने पत्रकार वार्ता में बताया कि 27 अप्रैल 2026 को प्रियांशु पुत्र राजवीर सिंह निवासी ग्राम रानानगंला, थाना स्योहारा (जिला बिजनौर) ने अपने पिता की हत्या की सूचना दी थी। अज्ञात हमलावर द्वारा सिर पर गहरी चोट मारकर हत्या किए जाने के मामले में कोतवाली बहादराबाद में मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की सूचना डायल 112 के माध्यम से पुलिस को मिली, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने शव को जिला अस्पताल हरिद्वार की मोर्चरी भिजवाया। परिजनों द्वारा शव की पहचान राजवीर सिंह के रूप में की गई।
मामले के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और डिजिटल एविडेंस के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान एक संदिग्ध मोबाइल नंबर के आधार पर पुलिस ने कलियर रोड स्थित लकी हॉस्पिटल के पास एक युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम पंकज कुमार बताया और हत्या की पूरी साजिश का खुलासा कर दिया।
शराब के बहाने खेत में ले जाकर की हत्या
पंकज ने बताया कि उसका मृतक की बेटी से प्रेम संबंध था और वह उससे शादी करना चाहता था। लेकिन मृतक राजवीर इसके खिलाफ था। इसी कारण उसने अपने साथी छोटेलाल के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।
26 अप्रैल की शाम दोनों आरोपियों ने राजवीर को शराब पिलाने के बहाने बोंगला अंडरपास के पास पॉपलर के खेत में ले जाकर हथौड़े से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।
दोनों आरोपी गिरफ्तार, सामान बरामद
पुलिस ने पंकज की निशानदेही पर उसके साथी छोटेलाल को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा, स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, मृतक का मोबाइल, पर्स, एटीएम कार्ड व अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक और आरोपी एक-दूसरे को पहले से जानते थे और सिडकुल क्षेत्र की अलग-अलग कंपनियों में कार्यरत थे। आरोपी मृतक की शादीशुदा बेटी का तलाक कराकर उससे विवाह करना चाहता था, जिसे लेकर विवाद चल रहा था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया है।
कोतवाली प्रभारी बहादराबाद अमरजीत बताया कि पुलिस की मुस्तादी से मर्डर केस का खुलासा हुआ है भविष्य में भी किसी अपराध की कोई जगह नहीं होगी
इस सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस के खुलासे में कोतवाली बहादराबाद पुलिस, थाना सिडकुल और सीआईयू हरिद्वार की संयुक्त टीम की अहम भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button