बारिश के तेज बहाव में बह गई 6 साल की मासूम विदिशा

खेलते-खेलते काल बन गया बरसाती नाला
7 साल की हिमानी को बचाया गया मासूम विदिशा की तलाश में रातभर चला सर्च ऑपरेशन
हरिद्वार (चंद्रशेखर जोशी)। बारिश की तेज धार के बीच रावली महदूद से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। जिस उम्र में बच्चे बारिश की बूंदों में खुशियां तलाशते हैं, उसी उम्र की महज 6 साल की मासूम विदिशा तेज बहाव वाले बरसाती नाले की चपेट में आकर लापता हो गई।
7 सितंबर 2026 को कृपाल स्कूल के पास पुलिया के नजदीक दो बच्चियां खेल रही थीं। इसी दौरान अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और दोनों बच्चियां उसकी चपेट में आ गईं। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए 7 वर्षीय हिमानी को किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन विदिशा तेज बहाव के साथ बह गई।
सूचना मिलते ही सिडकुल पुलिस मौके पर पहुंची। एक ओर लोगों की आंखों के सामने मासूम को तलाशने की बेचैनी थी, तो दूसरी ओर पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें उम्मीद का दामन थामे नाले के किनारों और आसपास के संभावित स्थानों को खंगालने में जुट गईं। विदिशा के नाले में बहने की सूचना के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन में जुटी रहीं। अंधेरा बढ़ता गया, बारिश का असर बना रहा, लेकिन मासूम की तलाश में जुटे जवानों के कदम नहीं रुके।
घटनास्थल से लेकर नाले के आसपास के संभावित क्षेत्रों तक लगातार सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। उपलब्ध संसाधनों के साथ स्थानीय लोगों की मदद भी ली जा रही है। हर गुजरते पल के साथ परिवार की बेचैनी बढ़ रही है और सभी की नजरें उस तलाश पर टिकी हैं, जिसमें एक मासूम के सकुशल मिलने की उम्मीद बाकी है।
विदिशा ग्राम फरीदपुर मान उर्फ पपड़ावली थाना कोतवाली देहात बिजनौर की रहने वाली थी और वर्तमान में अपने परिवार के साथ कृपाल स्कूल के पास रावली महदूद, थाना सिडकुल क्षेत्र में रह रही थी। बारिश में बच्चों की सुरक्षा को लेकर पुलिस की अपील
इस दर्दनाक घटना के बाद पुलिस ने आमजन से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। बारिश के दौरान बच्चों को बरसाती नालों, पुलियाओं और जलभराव वाले स्थानों के आसपास बिल्कुल न जाने दें। तेज बहाव वाले पानी को पार करने की कोशिश भी न करें।
क्योंकि बारिश का पानी कब शांत दिखने वाले रास्ते को मौत के तेज बहाव में बदल दे, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है।




