उत्तरप्रदेश

मेरठ : अंतिम संस्कार में आए थे, नहाने गए तो गंगा में समाए चार दोस्त, मचा कोहराम, घाट पर इंतजार में परिजन

मेरठ । मेरठ जिले के हस्तिनापुर क्षेत्र स्थित मखदुमपुर गंगा घाट पर शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। अंतिम संस्कार में शामिल होने आए चार युवक गंगा नदी में डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवकों की तलाश के लिए अभियान शुरू किया गया, हालांकि देर शाम तक उनका कोई सुराग नहीं लग सका।

अंतिम संस्कार के बाद गंगा में स्नान के दौरान हादसा
मिली जानकारी के अनुसार थाना लावड़ क्षेत्र के जलालपुर गांव के कुछ लोग अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए मखदुमपुर गंगा घाट पहुंचे थे। अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वहां मौजूद कुछ युवक गंगा में स्नान करने लगे। इसी दौरान वे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

पांच युवक उतरे थे गंगा में, एक को बचाया गया
ग्रामीणों के मुताबिक करीब पांच युवक गंगा में उतरे थे। इनमें से एक युवक को उसके साथियों ने किसी तरह बाहर निकाल लिया, जबकि चार युवक तेज बहाव और गहरे पानी में लापता हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तलाश अभियान शुरू कराया गया।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, प्रशासन से मदद की मांग
हादसे के बाद मौके पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी गंगा घाट पर जुट गए। परिजनों ने प्रशासन से गोताखोरों और फ्लड कंपनी की टीम बुलाकर जल्द से जल्द युवकों की तलाश कराने की मांग की है।

देर शाम तक नहीं पहुंची रेस्क्यू टीम
स्थानीय लोगों के अनुसार देर शाम तक कोई विशेष रेस्क्यू टीम मौके पर नहीं पहुंच सकी थी, जिससे परिजनों और ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि लापता युवकों की तलाश के लिए प्रयास जारी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button