उत्तराखण्ड

देहरादून में डिफेंस कालोनी में सेवानिवृत्त विंग कमांडर ने बुजुर्ग मां-बाप को घर से बाहर निकाला

देहरादून। डिफेंस कालोनी में सेवानिवृत्त विंग कमांडर ने अपने बुजुर्ग मां-बाप को घर से बाहर निकाल दिया। यही नहीं कुछ श्रमिक बुलाकर उनका सामान भी बाहर फिंकवा दिया। घटना के बाद काफी हंगामा हुआ तो आसपास के लोग एकत्र हुए और एसएसपी व जिलाधिकारी को सूचना दी जिसके बाद पुलिस व नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे। उन्होंने विंग कमांडर का शांति भंग का चालान करते हुए वरिष्ठ नागरिकों को घर के अंदर दाखिल करवाया।

चौकी प्रभारी डिफेंस कालोनी कमलेश गौड़ ने बताया कि डिफेंस कालोनी में एक सेवानिवृत विंग कमांडर रहते हैं। उनके माता-पिता ने जिंदगी भर की कमाई इस मकान को बनाने में लगा दी। मकान विंग कमांडर के नाम पर है, ऐसे में कुछ समय से विवाद की स्थिति बनी हुई थी। शनिवार शाम को रिटायर विंग कमांडर कुछ श्रमिकों को साथ लेकर घर में गया और अपने बुजुर्ग मां-बाप को बाहर निकाल दिया। इसके साथ ही उनका कुछ सामान भी बाहर फेंक दिया।

घटना के बाद वहां काफी हंगामा हो गया, क्योंकि डिफेंस कालोनी में सभी सेना में तैनात व सेवानिवृत्त अधिकारी रहते हैं। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस विभाग व जिला प्रशासन को दी। सूचना के बाद पुलिस अधिकारी व प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। मानवीय पहलू को देखते हुए सबसे पहले बुजुर्गों को घर के अंदर दाखिल कराया। इसके बाद पुलिस ने शांति भंग का चालान कर दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button