केदारनाथ और यमुनोत्री मंदिर के कपाट बंद, गोदियाल का सरकार पर वार, काशीपुर में बच्ची से हैवानियत

चमोली । केदारनाथ धाम के कपाट आज11 नवंबर को सुबह 8:30 बजे शीतकाल के लिए विधि-विधान के साथ बंद कर दिए गए हैं। कपाट बंद होने के बाद बाबा केदार की डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ के लिए रवाना हो गई है। वहीं, यमुनोत्री धाम के कपाट भैयादूज पर बुधवार सुबह 10:28 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए हैं।
बर्फीली ढलानों से रोमांचक सफर तक: 12 महीने गुलजार रहेगा उत्तराखंड का पर्यटन, औली में शुरू होंगे विंटर गेम्स
चारधाम यात्रा के बाद अब उत्तराखंड में पर्यटन का नया सीजन शीतकाल में भी रफ्तार पकड़ेगा। बर्फ से लकदक पहाड़, रोमांचक साहसिक गतिविधियां और आध्यात्मिक स्थलों की यात्रा पर्यटकों को सालभर प्रदेश की ओर आकर्षित करेगी। पर्यटन को 12 महीने की गतिविधि बनाने के लिए प्रदेश सरकार ने शीतकालीन यात्रा, एडवेंचर और वेलनेस टूरिज्म का खाका तैयार किया है। इसी कड़ी में चमोली जिले के औली में कृत्रिम बर्फ जमाकर विंटर गेम्स कराने की तैयारी है। वर्ष 2018 के बाद यहां फिर से शीतकालीन खेलों के आयोजन की उम्मीद जगी है।
पटेलनगर क्षेत्र में प्लॉट के सौदे के लिए ले जाए जा रहे 14 लाख रुपये लूटने के मामले में पुलिस ने बजरंग दल कार्यकर्ता सिद्धांत बडोनी समेत दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी घटना के बाद से गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहे थे। पुलिस ने उन्हें रुद्रप्रयाग के गुप्तकाशी से गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से लूट की रकम के 82 हजार रुपये भी बरामद हुए हैं। इस मामले में अब तक सात आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।




