उत्तराखंड स्थापना दिवस: प्रदेशवासियों को सीएम ने राज्य की 26वीं वर्षगांठ की दीं शुभकामनाएं,भराड़ीसैंण में की 13 घोषणाएं
सपनों के अनुरूप सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर उत्तराखंड का निर्माण सरकार की है प्राथमिकता : मुख्यमंत्री

चमोली। चमोली के भराड़ीसैंण में आयोजित राज्य स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को राज्य की 26वीं वर्षगांठ की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने राज्य निर्माण के लिए आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि उनके सपनों के अनुरूप सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर उत्तराखंड का निर्माण सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं, आशा कार्यकत्रियों तथा भोजन माताओं के मानदेय में एक दिसंबर 2026 से वृद्धि की जाएगी। अतिथि शिक्षकों के मानदेय में भी जल्द बढ़ोतरी होगी। राज्य आंदोलनकारियों की मांगों और समस्याओं के समाधान के लिए कैबिनेट समिति गठित की जाएगी। यह समिति आंदोलनकारियों के चिह्नीकरण के नियमों में छूट, दोहरी पेंशन और आश्रितों को प्रमाणपत्र देने जैसे विषयों पर संस्तुति देगी।
धामी ने कहा कि प्रदेश में तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। लखपति दीदियों को व्यवसाय के विस्तार और नए स्वरोजगार के लिए दो किस्तों में प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। वन्यजीवों के हमले में घायल लोगों को प्लास्टिक सर्जरी जैसे महंगे उपचार के लिए अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी मिलेगी।


